‘गो बैक पांडियन’ का नारा लगाते हुए फूंका पुतला
कटक, (निप्र) : बीजेडी के निलंबित नेता देवी रंजन त्रिपाठी के समर्थकों ने रविवार को उनके निलंबन के विरोध में प्रदर्शन किया। बीजू पटनायक चौक पर हुए इस प्रदर्शन में समर्थक बड़ी संख्या में जुटे और देवी रंजन त्रिपाठी के निलंबन का कड़ा विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की और पार्टी के फैसले को अन्यायपूर्ण बताते हुए असंतोष व्यक्त किया। प्रदर्शन के दौरान समर्थकों ने वीके पांडियन के बहिष्कार की भी मांग की। इस दौरान पांडियन का पुतला फूंका गया और पांडियन गो बैक के नारे लगाए गए। प्रदर्शन के दौरान समर्थकों ने आरोप लगाया कि दो साल पहले राजनीति से दूर होने के बावजूद पार्टी पर अभी भी पांडियन का प्रभाव बना हुआ है।
उनका कहना था कि राजनीति छोडऩे की घोषणा के बावजूद उनकी भूमिका अब भी महत्वपूर्ण बनी हुई है। एक समर्थक ने कहा, पार्टी का गठन 2000 में कुछ सिद्धांतों पर हुआ था, लेकिन 2024 में उन सिद्धांतों का पालन नहीं करने के कारण हार हुई। इसके लिए जिम्मेदार कोई और नहीं, बल्कि वीके पांडियन हैं। उन्होंने कहा था कि 2024 की हार के बाद राजनीति छोड़ देंगे, लेकिन वे अब भी पार्टी को संचालित कर रहे हैं। यह प्रदर्शन हाल के घटनाक्रम के बाद पार्टी के भीतर जारी तनाव को दर्शाता है। समर्थकों ने कहा कि उनका आंदोलन नेतृत्व और आंतरिक फैसलों को लेकर अपनी चिंताओं की ओर ध्यान आकर्षित करने के लिए है।