करीब एक करोड़ की संपत्ति बरामद
भुवनेश्वर, (निप्र) : राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत बुधवार को विजिलेंस टीम ने सिंचाई विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता राजेश चंद्र मोहंती के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। यह कार्रवाई कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार की जांच के सिलसिले में की गई। विजिलेंस की कई टीमों ने भुवनेश्वर, कटक, ढेंकानाल और जाजपुर सहित कुल छह स्थानों पर एक साथ तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान बरमुंडा स्थित उनका आवास छापेमारी का मुख्य केंद्र रहा।
हालांकि अधिकारियों ने अभी तक आरोपों की प्रकृति का खुलासा नहीं किया है, क्योंकि जांच जारी है। तलाशी के दौरान विजिलेंस अधिकारियों ने मोहंती के घर और अन्य परिसरों से कई दस्तावेज और कीमती सामान बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है। बरामद संपत्तियों में लगभग 7 लाख रुपये नकद, करीब 30 लाख रुपये के म्यूचुअल फंड निवेश, लगभग 14 लाख रुपये के यात्रा बिल, 1.18 लाख रुपये के होटल बिल, महंगी घडिय़ों और सनग्लास का संग्रह तथा सोने और हीरे के आभूषण शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई अधिकारी से जुड़े वित्तीय लेन-देन और संपत्तियों की गहन जांच का हिस्सा है। यह छापेमारी राज्य में सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे व्यापक अभियान के तहत की गई है, जिसमें विजिलेंस की टीमें समन्वित तरीके से साक्ष्य जुटा रही हैं। विजिलेंस विभाग के अधिकारियों ने फिलहाल अधिक जानकारी साझा करने से इनकार किया है। जब्त दस्तावेजों और संपत्तियों की जांच के बाद ही इस मामले में आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
ये सामग्रियां हुईं बरामद
- लगभग 7 लाख रुपये नकद
- करीब 30 लाख रुपये के म्यूचुअल फंड निवेश
- लगभग 14 लाख रुपये के यात्रा बिल
- 1.18 लाख रुपये के होटल बिल
- महंगी घडिय़ां और सनग्लास का संग्रह
- सोने और हीरे के आभूषण