कहा-हम अपनी रणनीति पर अच्छी तरह से अमल नहीं कर पाए
गुवाहाटी : मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच माहेला जयवर्धने ने स्वीकार किया कि राजस्थान रॉयल्स के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी की तूफानी बल्लेबाजी के सामने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैच में उनकी टीम बुरी तरह लडख़ड़ा गई। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि गेंदबाजों ने अपनी लाइन और लेंथ का सही इस्तेमाल नहीं किया और यहां तक कि जसप्रीत बुमराह जैसा तेज गेंदबाज भी थोड़ी लेंथ से चूक गया।
बारिश से प्रभावित इस मैच में राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को 27 रन से हराया। जायसवाल और सूर्यवंशी की तूफानी बल्लेबाजी से राजस्थान रॉयल्स ने निर्धारित 11 ओवरों में तीन विकेट पर 150 बनाए। इसके जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम नौ विकेट पर 123 रन ही बना पाई। केकेआर के खिलाफ जीत के साथ सत्र की शुरुआत करने वाले मुंबई इंडियंस की यह लगातार दूसरी हार थी। जयवर्धने ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, हमारा प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं रहा और हमें इस पर काम करना होगा। हमने अपनी रणनीति तय की थी लेकिन हम उस पर अच्छी तरह से अमल नहीं कर पाए। खिलाड़ी (सूर्यवंशी और जायसवाल) बहुत अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं। हमें खतरे का अहसास था, विशेषकर जब बारिश के कारण ओवरों की संख्या कम कर दी गई थी क्योंकि ऐसे में आपके पास शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी करने की छूट होती है।