भुवनेश्वर, (निप्र) : राज्य सरकार ने राज्य के राजस्व प्रशासन को मजबूत करने के लिए 1,363 जूनियर राजस्व सहायकों की सीधी भर्ती को मंजूरी दी है। यह निर्णय वित्त विभाग के प्रधान सचिव की अध्यक्षता में हुई समिति की बैठक में लिया गया। इसके बाद राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ अरविंद पाढ़ी ने सभी जिला कलेक्टरों को पत्र लिखकर भर्ती योजना की जानकारी दी और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस भर्ती के तहत राज्य के सभी 30 जिलों में पदों को भरा जाएगा। जिला-वार रिक्तियों का विवरण तैयार किया गया है, जिसमें अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, सामाजिक और शैक्षणिक रूप से पिछड़ा वर्ग, महिलाओं, दिव्यांगजनों, पूर्व सैनिकों और खिलाड़ियों के लिए आरक्षण का प्रावधान रखा गया है। कलेक्टरों को ओडिशा सबऑर्डिनेट स्टाफ सेलेक्शन कमीशन (ओएसएसएससी) के साथ समन्वय कर जल्द से जल्द ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।