भुवनेश्वर, (निप्र) : गुप्ता इवेंट मैनेजमेंट प्रालि की ओर से स्थानीय जनता मैदान में तेरहवां भुवनेश्वर अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला-2026 का भव्य शुभारंभ किया गया। यह बहु-क्षेत्रीय बी2बी और बी2सी प्रदर्शनी भुवनेश्वर के लिए एक महत्वपूर्ण आयोजन साबित हो रही है, जिसमें देश-विदेश से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया है। इस मेले में भारत के 22 राज्यों और 10 देशों से आए प्रतिभागी अपने उत्पादों का प्रदर्शन कर रहे हैं। पूरी प्रदर्शनी को अत्याधुनिक वातानुकूलित हैंगर संरचना में व्यवस्थित किया गया है।
इस विशाल आयोजन में एक लाख से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं, जो दुनिया के विभिन्न हिस्सों से लाए गए हैं। मेले में कश्मीर के फर्नीचर और नक्काशिदार वस्तुएं, अफगानिस्तान के विभिन्न प्रकार के सूखे मेवे, बांग्लादेश की हैंडलूम जमदानी साडिय़ां, ईरान के खजूर, ज्वेलरी और हर्बल तेल, दुबई के अत्तर और परिधान, थाईलैंड के आभूषण व वस्त्र, कोरिया के सौंदर्य प्रसाधन, भारतीय हस्तशिल्प, एंटीक मेटल और पत्थरों के आभूषण, उत्तर प्रदेश के फारसी और भदोही कालीन, पीतल व कांसे के एंटीक उत्पाद, दीवार सज्जा सामग्री, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश के चमड़े के उत्पाद, सिंगापुर और मलेशिया के विशेष उत्पाद सहित कई आकर्षक वस्तुएं उपलब्ध हैं।
इसके अलावा, भागलपुर, पंजाब, बनारस, जयपुर, ओडिशा और बांग्लादेश की साडिय़ां एवं परिधान, इलेक्ट्रॉनिक्स, उपभोक्ता वस्तुएं और संगमरमर की मूर्तियां भी प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण हैं। मेले में आए दर्शकों के लिए फूड जोन में विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट और स्वच्छ व्यंजनों की भी व्यवस्था की गई है, जिसमें चंपारण मटन विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। आयोजकों के अनुसार, 11 दिनों तक चलने वाले इस मेले में 5 लाख से अधिक लोगों के आने की संभावना है। यहां विभिन्न क्षेत्रों के उच्च गुणवत्ता वाले उत्पाद किफायती दरों पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
गुप्ता इवेंट मैनेजमेंट प्रालि के प्रबंध निदेशक सुजीत कुमार गुप्ता ने बताया कि यह मेला ग्राहकों और व्यापारियों के बीच बेहतर संपर्क और व्यापारिक अवसरों का एक सशक्त मंच प्रदान करेगा। पायल आचार्य गुप्ता के नेतृत्व में इस आयोजन को सफल बनाने का प्रयास किया जा रहा है। यह अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला न केवल खरीदारी और व्यापार का केंद्र है, बल्कि सांस्कृतिक और वैश्विक उत्पादों के आदान-प्रदान का भी एक महत्वपूर्ण मंच बनकर उभर रहा है।
उद्घाटन समारोह में ओडिशा ओलंपिक संघ एवं प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष समीर मोहंती, भाजपा के राज्य समन्वयक रश्मिरंजन कानुनगो, पूर्व विधायक प्रियदर्शी मिश्र, समाजसेवी रोजालिन पटनायक, गुप्ता इवेंट मैनेजमेंट के प्रबंध निदेशक सुजीत कुमार गुप्ता, रेडक्रॉस की पूर्व सचिव कल्पना दास व समाजसेवी रवि सामल उपस्थित रहे।