भुवनेश्वर, (निप्र) : राष्ट्रसेवा को समर्पित भारतीय जनसंघ के सह-सचिव पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 58वीं पुण्यतिथि के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से राज्यभर में समर्पण दिवस मनाया गया। राज्य कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि दीनदयाल का एकात्म मानववाद गरीबों के उत्थान का सर्वश्रेष्ठ मॉडल है।
मुख्यमंत्री ने दीनदयाल के जीवन और विचारधारा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्तिके सर्वांगीण विकास अर्थात अंत्योदय को केंद्र में रखकर दर्शन प्रस्तुत किया। स्वदेशी भावना और भारतीय संस्कृति पर आधारित राष्ट्रचिंतन एकात्म मानववाद का मूल उद्देश्य रहा है। उन्होंने बताया कि भारतीय जनता पार्टी ने वर्ष 1985 में इसे अपनी वैचारिक नींव के रूप में स्वीकार किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी तथा वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी विचारधारा के आधार पर देश और गरीबों के कल्याण के लिए अनेक योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू किया है।
राज्य अध्यक्ष मनमोहन सामल ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय संगठन के महान शिल्पी थे और उन्होंने मूल्य-आधारित राजनीति को मजबूती दी। कार्यक्रम में दीनदयालजी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 'भारतीय जनता पार्टी वार्ताÓ पत्रिका का विमोचन किया। कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।