रायगड़ा, (निप्र) : पुलिस ने रविवार रात माओवादी बनकर कंपनियों को धमकी देने और दहशत फैलाने के आरोप में एक वेब चैनल पत्रकार समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी माओवादियों के नाम पर बैनर-पोस्टर लगाकर इलाके में भय का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे थे।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने पिछले महीने 13 तारीख को जिले के तीन अलग-अलग स्थानों पर माओवादी संगठन के नाम से पोस्टर और बैनर लगाए थे, जिससे स्थानीय लोगों और औद्योगिक प्रतिष्ठानों में चिंता फैल गई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच शुरू की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रायगढ़ा शहर निवासी वेब चैनल पत्रकार अनुब्रत बरा उर्फ रंजन और काशिपुर थाना क्षेत्र के कंजनगामंडी गांव निवासी बाली मांझी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक बाली मांझी पहले भी माओवादी गतिविधियों से जुड़े एक मामले में गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है।
जांच के दौरान पुलिस को ऐसे सबूत मिले, जिनसे यह सामने आया कि दोनों आरोपी माओवादियों की आड़ लेकर कंपनियों को धमकाने और डर का माहौल पैदा करने की कोशिश कर रहे थे।रायगढ़ा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमूल्य कुमार धर ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि माओवादी पोस्टर लगाकर दहशत फैलाने के आरोप में दोनों को हिरासत में लिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।