भुवनेश्वर, (निप्र) : कीट डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी ने सोमवार को अपने 22वें विश्वविद्यालय स्थापना दिवस के अवसर पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया। इस अवसर पर चार विशिष्ट अतिथियों को कीट लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।
सम्मान पाने वालों में कोलंबिया हॉस्पिटैलिटी (अमेरिका) के संस्थापक एवं अध्यक्ष जॉन ओपेनहाइमर, कोलंबो स्थित हुनुपिटिया गंगारामाया मंदिर के मुख्य अधिष्ठाता डा किरिंदे अस्साजी नायक थेरो, द प्रिंटर्स (मैसूर) प्रा. लि. के निदेशक एवं प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया के बोर्ड निदेशक केएन शंथ कुमार तथा रिंपा इंटरनेशनल सेंटर (स्विट्जरलैंड) के आध्यात्मिक निदेशक एवं तिब्बती बौद्ध धर्मगुरु परम पूज्य ग्येत्रुल जिग्मे रिनपोछे शामिल रहे।
अपने संबोधन में जॉन ओपेनहाइमर ने संस्थान की सराहना करते हुए कहा कि केआईआईटी का परिसर उनकी कल्पना से परे है। उन्होंने छात्रों से कहा कि वे समाज, परिवार, देश और विश्व के प्रति अपने योगदान को कम न आंकें। उन्होंने छात्रों को अपने दिल की आवाज का अनुसरण करने की सलाह देते हुए कहा कि इससे जीवन के निर्णय आसान हो जाते हैं और व्यक्ति अपने उद्देश्य से जुड़ा रहता है।
वरिष्ठ मीडिया व्यक्तित्व केएन शंथ कुमार ने कहा कि कीट केवल एक संस्थान नहीं, बल्कि एक दृष्टि की कहानी है। चार दशकों से अधिक के पत्रकारिता अनुभव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भले ही मीडिया परिदृश्य में व्यापक बदलाव आया हो, लेकिन सत्य, विश्वसनीयता, सत्यापन और नैतिक पत्रकारिता आज भी उसकी आधारशिला हैं। उन्होंने छात्रों को जिम्मेदार नागरिक पत्रकारिता अपनाने, जिज्ञासु बने रहने और विश्वसनीयता को महत्व देने का संदेश दिया।
डा किरिंदे अस्साजी नायक थेरो ने इस अवसर को इतिहास का आध्यात्मिक पुनर्मिलन बताया।