भुवनेश्वर, (निप्र) : पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के तत्वावधान में तेल कंपनियों द्वारा चलाया गया ईंधन संरक्षण जागरुकता अभियान 'सक्षम-2026' 1 से 15 फरवरी तक पूरे देश में आयोजित किया गया। इस वर्ष अभियान की थीम रही 'तेल और गैस का संरक्षण करें, पर्यावरण के अनुकूल बनें' ओडिशा में तेल उद्योगों के संयुक्त तत्वावधान में सक्षम-2026 का समापन समारोह भुवनेश्वर स्थित जयदेव भवन सभागार में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के सीजीएम एवं ओडिशा स्टेट हेड तथा राज्य स्तरीय समन्वयक कमल शील ने स्वागत भाषण देते हुए भारत और वैश्विक ऊर्जा परिदृश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि आने वाले वर्षों में ऊर्जा की मांग में तेजी से वृद्धि होने वाली है। उन्होंने सक्षम अभियान के दौरान तेल कंपनियों द्वारा चलाए गए विभिन्न जन-जागरुकता कार्यक्रमों की जानकारी भी दी। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित डा संगीता गोसाईं ने युवाओं में संरक्षण की आदतें विकसित करने पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड, गेल (इंडिया) लिमिटेड तथा इंडियन ऑयल के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। इस जन-जागरुकता अभियान में ओडिशा के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के 200 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। साथ ही अंतर-राज्य चित्रकला प्रतियोगिता के विजेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दैनिक जीवन में तेल और गैस के संरक्षण का संकल्प लिया। समारोह का समापन गेल (इंडिया) लिमिटेड के महाप्रबंधक (ओ एंड एम) विपिन चंद्रन के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।