भुवनेश्वर, (निप्र) : ओडिशा विधानसभा के बजट सत्र शुरू होने से एक दिन पहले आज सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाधी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक का उद्देश्य विभिन्न राजनीतिक दलों के बीच संवाद बढ़ाकर सत्र को सुचारु और समन्वित ढंग से संचालित करना था। बैठक में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, विपक्ष के नेता प्रसन्न आचार्य, विपक्ष की मुख्य सचेतक प्रमिला मलिक और कांग्रेस विधायक दल के नेता रामचंद्र कादम शामिल हुए।
बैठक के बाद संसदीय कार्य मंत्री मुकेश महालिंग ने कहा कि चर्चा का केंद्र सदन की कार्यवाही को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संचालित करना रहा। बजट सत्र 17 फरवरी को राज्यपाल के अभिभाषण के साथ आधिकारिक रूप से शुरू होगा। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, जो वित्त मंत्री की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं, 20 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2026-27 का राज्य बजट पेश करेंगे। विपक्षी दल बीजेडी और कांग्रेस सरकार को धान खरीद, महानदी जल विवाद और प्रदूषण नियंत्रण जैसे मुद्दों पर घेरने की तैयारी कर रहे हैं, जबकि सत्तारूढ़ भाजपा विपक्ष के आरोपों का जवाब देने की रणनीति बना रही है।
इस बीच, बजट सत्र को देखते हुए विधानसभा के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता, सर्प सहायता हेल्पलाइन और अग्निशमन सेवाएं तैनात रहेंगी। इसके अलावा, विधानसभा परिसर के आसपास पुलिस की 20 प्लाटून तैनात की जाएंगी और पूरे क्षेत्र में सीसीटीवी निगरानी रहेगी। विधानसभा के पास पांच अस्थायी पुलिस कैंप बनाए गए हैं और सत्र के लिए एक अस्थायी पुलिस कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है।