राहुल गांधी पर कथित टिप्पणी को लेकर बवाल
कटक, (निप्र) : लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। बुधवार को कटक जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्रीय मंत्रियों हरदीप सिंह पुरी, किरन रिजिजू और बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीण एसपी कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया।
कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि दोनों केंद्रीय मंत्रियों और बीजेपी सांसद ने राहुल गांधी के प्रति अशोभनीय और आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया है, जिससे न केवल उनकी गरिमा आहत हुई है, बल्कि संसद की मर्यादा भी भंग हुई है। पार्टी ने इसे गंभीर अपराध बताते हुए तत्काल कानूनी कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस ने कहा कि 2023 की भारतीय न्याय संहिता के तहत इस प्रकार की टिप्पणी दंडनीय अपराध की श्रेणी में आती है। इसलिए संबंधित नेताओं के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए तत्काल गिरफ्तारी की जानी चाहिए।
इस संबंध में जिला कांग्रेस कमेटी ने ग्रामीण एसपी को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें आरोपों का उल्लेख करते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप्त कुमार दास के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने एसपी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पूर्व विधायक रवि मल्लिक, विश्वजीत दास, त्रिलोचन मोहंती, नारायण द्विवेदी, जगन्नाथ साहू, निरंजन लेंका, आशुतोष बराल और अजीत कुमार पंडा सहित कई कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।