शुद्ध ठंडे पेयजल परियोजना का उद्घाटन
भुवनेश्वर, (निप्र) : सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए अरुंधति फाउंडेशन ने बुधवार को दो महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न किए। अरुंधति फाउंडेशन ने ओडिशा के 10 प्रमुख शहरों- भुवनेश्वर, कटक, पुरी, ब्रह्मपुर, राउरकेला, संबलपुर, बलांगीर, बरगढ़, भवानीपाटना और अनगुल में एक साथ वृहद स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया। इस अवसर पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग तथा भुवनेश्वर एकाम्र क्षेत्र के विधायक बाबू सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए रक्तदान को महादान बताया। फाउंडेशन के अनुसार, पिछले वर्ष आयोजित शिविर में 1000 यूनिट रञ्चत संग्रहित किया गया था, जबकि इस वर्ष 1500 यूनिट रक्त एकत्र कर नया कीर्तिमान स्थापित किया गया है। अरुंधति फाउंडेशन ने कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं होता और इसकी प्रत्येक बूंद किसी न किसी जीवन को बचाने में सहायक सिद्ध होती है। रक्तदान न केवल सामाजिक सेवा है, बल्कि मानवीय संवेदनशीलता का श्रेष्ठ उदाहरण भी है। इसी क्रम में भुवनेश्वर स्थित राम मंदिर परिसर में अरुंधति फाउंडेशन द्वारा स्वच्छ शीतल पेयजल परियोजना का भी उद्घाटन किया गया।
इस परियोजना का उद्देश्य मंदिर में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं तथा राहगीरों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है। इसका उद्घाटन भुवनेश्वर मध्य के विधायक अनंत नारायण जेना तथा भुवनेश्वर की मेयर सुलोचना दास ने किया। इस व्यापक अभियान के संचालन के लिए फाउंडेशन ने विशेष आयोजन किया। संस्था के प्रबंध निदेशक ब्रह्मानंद मेहर स्वयं उपस्थित रहे और कार्यक्रम का नेतृत्व किया। उन्होंने कहा कि चाहे रक्तदान अभियान हो अथवा पेयजल परियोजना, अरुंधति फाउंडेशन सदैव समाज कल्याण के विविध आयामों में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। उन्होंने प्रदेशभर के स्वैच्छिक रक्रतदाताओं और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अरुंधति फाउंडेशन भविष्य में भी समाजहित में ऐसे प्रयास निरंतर जारी रखेगी।