भुवनेश्वर, (निप्र) : राज्य सरकार ने बुधवार को केंद्रापड़ा जिले के प्रसिद्ध भगवान बलदेवजीउ मंदिर के नए ब्रह्म तालध्वज रथ के निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपये की अनुदान राशि स्वीकृत की। हाल के समय में रथ के संचालन में आई कठिनाइयों और धार्मिक अनुष्ठानों में हुई देरी के बाद यह निर्णय लिया गया है। विधि, निर्माण एवं आबकारी मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने बताया कि वर्तमान रथ के 14 पहिए जर्जर अवस्था में हैं, जिससे संचालन में समस्या हो रही थी।
उन्होंने कहा, रथ निर्धारित समय पर मौसी मां मंदिर नहीं पहुंच पाया, जिससे दो दिन तक देरी हुई। बाहुड़ा यात्रा के दौरान भी ऐसी ही स्थिति देखी गई। भविष्य में ऐसी समस्या न हो, इसके लिए राज्य सरकार ने नए रथ के समयबद्ध निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। विधि विभाग द्वारा कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए अलग से निर्देश भी जारी किया गया है। मंत्री हरिचंदन ने कहा कि इस अनुदान से भगवान बलदेवजीउ के भञ्चतों और स्थानीय समुदाय को लाभ होगा।
उन्होंने कहा, राज्य सरकार मंदिर की परंपराओं और रीति-रिवाजों को संरक्षित रखने के लिए प्रतिबद्ध है। यह अनुदान सुनिश्चित करेगा कि सभी धार्मिक अवसरों पर रथ सुचारु रूप से संचालित हो।
इस निर्णय का केंद्रापड़ा के निवासियों और राज्यभर के श्रद्धालुओं ने स्वागत किया है।