बरगढ़,(निप्र) : फाल्गुन एकादशी के पावन अवसर पर श्री श्याम धाम भटली में भक्ति और आस्था का विराट संगम देखने को मिलेगा। बरगढ़ से हजारों श्रद्धालु रंग-बिरंगे निशान लेकर लगभग 17 किलोमीटर की पदयात्रा कर बाबा श्याम को अर्पित करेंगे। धाम परिसर में कोलकाता के कारीगरों द्वारा भव्य सजावट की जा रही है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैरिकेडिंग, विशाल पंडाल और भंडारे की व्यवस्था होगी।
अनुमान है कि इस अवसर पर 50 हजार से अधिक भक्त दर्शन के लिए पहुंचेंगे। एकादशी के दिन दोपहर 3 बजे बाबा श्याम की सतरंगी रथ यात्रा निकाली जाएगी। शाम को अखंड ज्योत प्रज्वलन के बाद कोलकाता और कानपुर से आए भजन गायकों की रात्रि भजन संध्या होगी। द्वादशी पर महाप्रसाद और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ फाल्गुन महोत्सव का समापन होगा।