जोर्डन वान फोरेस्ट ने याकुबोएव को हराकर बनाई बढ़त
अरविंद चिदंबरम को हार का सामना करना पड़ा
प्राग (चेक गणराज्य) : विश्व चैंपियन डी गुकेश का पहली जीत का इंतजार जारी रहा जब यहां प्राग अंतरराष्ट्रीय शतरंज महोत्सव के चौथे दौर में उन्हें चेक गणराज्य के डेविड नवारा ने बराबरी पर रोक दिया। नीदरलैंड के जोर्डन वान फोरेस्ट ने उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक याकुबोएव को हराकर चार मैच में तीसरी जीत के साथ बढ़त बना ली है लेकिन गत चैंपियन भारत के अरविंद चिदंबरम को जर्मनी के विन्सेंट केमर के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।
दस खिलाडय़िों की इस प्रतियोगिता की दो अन्य बाजियां ड्रॉ रहीं जो अमेरिका के हेन्स मोके नीमैन और ईरान के परहम माघसूदलू तथा स्पेन के डेविड एंटोन गुइजारो और उज्बेकिस्तान के नोदिरबेक अब्दुसत्तोरोव के बीच खेली गईं।
प्रतियोगिता में अब जब पांच दौर का खेल बाकी
प्रतियोगिता में अब जब पांच दौर का खेल बाकी है तब वान फोरेस्ट तीन अंक के साथ शीर्ष पर हैं। अब्दुसत्तोरोव और नवारा के ढाई अंक हैं जबकि उनसे आधा अंक पीछे याकुबोएव, केमर और गुइजारो हैं। चिदंबरम, गुकेश, नीमैन और माघसूदलू के डेढ़ अंक हैं। इस बीच चैलेंजर वर्ग में विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख ने शीर्ष पर चल रही चेक गणराज्य की वेनक्लाव फिनेक को बराबरी पर रोका जबकि सूर्य शेखर गांगुली ने मेजबान देश के स्टीफन हर्बेक से ड्रॉ खेला। दिव्या के डेढ़ जबकि गांगुली का एक अंक है। फिनेक के तीन अंक हैं।