झारसुगुड़ा, (निप्र) : वेदांता एल्युमिनियम ने झारसुगुड़ा जिले के केलेंडामल गांव में जूट प्रोसेसिंग सेंटर का उदघाटन किया। शुभलक्ष्मी कोऑपरेटिव सेल्फ-हेल्प गु्रप परियोजना के तहत शुरू की गई इस इकाई का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और पर्यावरण-अनुकूल आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना है। पहले चरण में चार जूट प्रोसेसिंग मशीनों से लैस यह केंद्र रीयूजेबल जूट बैग और अन्य इको-फ्रेंडली उत्पादों के निर्माण पर फोकस करेगा। इससे सिंगल-यूज प्लास्टिक के उपयोग में कमी लाने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर स्थायी आय के साधन विकसित होंगे।
महिलाओं को स्किल ट्रेनिंग, इंफ्रास्ट्रक्चर सपोर्ट और मार्केट से जोडऩे की व्यवस्था भी की गई है। जूट प्रोसेसिंग सेंटर का उदघाटन केलेंडामल गांव की सरपंच सुश्रिता नाइक ने किया। इस अवसर पर शुभलक्ष्मी कोऑपरेटिव की अध्यक्ष पंकजिनी ओराम और वेदांता एल्युमिनियम की सीएसआर प्रमुख हरमीत सेहरा भी उपस्थित रहीं। कंपनी अधिकारियों ने बताया कि यह पहल महिलाओं को उद्यमिता के लिए प्रोत्साहित करेगी और समुदाय-आधारित हरित उद्यम का एक मजबूत मॉडल बनेगी।