बैंक में नौकरी पाने वाले छात्र को किया सम्मानित
पारादीप, (निप्र) : जेएसडब्ल्यू उत्कल स्टील की ओर से ढिंकिया में शुरू की गई ‘समर्थ’ पहल स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा कर रही है। यह कार्यक्रम विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को बैंकिंग और सरकारी सेवाओं में प्रवेश के लिए तैयार कर रहा है। ‘समर्थ युवा विकास केंद्र’ ग्रामीण छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। जगतसिंहपुर जिले के एरसमा प्रखंड अंतर्गत नुआगांव गांव के मेधावी छात्र बलराम नायक ने कस्टमर सर्विस एसोसिएट परीक्षा उत्तीर्ण कर केनरा बैंक में कस्टमर सर्विस एसोसिएट के पद पर चयन प्राप्त किया है।
उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि वे जल्द ही एसबीआई जूनियर एसोसिएट और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक (आरआरबी) परीक्षाओं में भी सफल होंगे।
बलराम नायक ने वर्ष 2024 में अपनी तैयारी शुरू की थी। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय गुरुकुल के शिक्षकों और प्रबंधन के शैक्षणिक सहयोग के साथ-साथ जेएसडब्ल्यू उत्कल स्टील की सीएसआर इकाई जेएसडब्ल्यू फाउंडेशन द्वारा ‘समर्थ परियोजना’ के तहत प्रदान किए गए नि:शुल्क प्रशिक्षण, मॉक टेस्ट और मार्गदर्शन को दिया। इस उपलब्धि पर बलराम नायक को जेएसडब्ल्यू फाउंडेशन के प्रमुख अभिजीत मोहंती, नरेंद्र बारिक, सिद्धार्थ डे, गुरुकुल के शिक्षक और छात्रों द्वारा सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सीएसआर प्रशिक्षण सहायता के कारण ही यह सफलता संभव हो सकी। उन्होंने नए छात्रों को नियमित अध्ययन और अनुशासन बनाए रखने की सलाह भी दी। इस कार्यक्रम से जुड़े अन्य छात्र प्रसन्न कुमार सेठी, गणेश चंद्र सेठी, स्वप्ना राउत और संगमित्रा बेहरा ने भी ओडिशा होम गार्ड के लिए आयोजित लिखित और शारीरिक परीक्षा उत्तीर्ण की है। बताया गया है कि इस पहल के माध्यम से पहले ही 15 युवाओं को विभिन्न सरकारी संस्थानों में रोजगार मिल चुका है।