भारी मात्रा में नकली शराब, विभिन्न नामी शराब कंपनियों के लेबल, सील और पैकेजिंग सामग्री जब्त
कलाहांडी, (निप्र) : जिले के धरमगढ़ क्षेत्र अंतर्गत जगन्नाथपड़ा इलाके में आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली शराब बनाने वाली अवैध इकाई का पर्दाफाश किया है। यह यूनिट एक किराए के मकान में गुपचुप तरीके से संचालित की जा रही थी। छापेमारी के दौरान आबकारी अधिकारियों ने भारी मात्रा में नकली शराब, विभिन्न नामी शराब कंपनियों के लेबल, सील और पैकेजिंग सामग्री जब्त की है।
आरोप है कि इन सामग्रियों की मदद से आरोपी नकली शराब तैयार कर उसे असली ब्रांड के नाम से पैक कर बाजार में खपाते थे। मामले में बिहार के रहने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों ने जगन्नाथपड़ा इलाके में किराए पर मकान लेकर अवैध शराब निर्माण का धंधा शुरू किया था और स्थानीय बाजारों में इसकी सप्लाई कर रहे थे।
इससे लोगों की सेहत और जान को गंभीर खतरा पैदा हो रहा था। आबकारी विभाग ने पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार नकली शराब की सप्लाई किन-किन इलाकों में की जा रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी पड़ताल की जा रही है। आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।