भुवनेश्वर : राज्य में पिछले पांच वर्षों के दौरान बकाया बिजली बिल के कारण कुल 25,076 लो-टेंशन (एलटी) बिजली कनेक्शन काटे गए। यह जानकारी उपमुख्यमंत्री एवं ऊर्जा मंत्री कनक वर्धन सिंहदेव ने बुधवार को राज्य विधानसभा में दी। बीजद नेता और बालिकुदा-एरसमा के विधायक शारदा प्रसन्न जेना के प्रश्न के लिखित उत्तर में सिंहदेव ने बताया कि कटे हुए कनेक्शनों में से 12,195 कनेक्शन बाद में दोबारा जोड़ दिए गए हैं। यह पुन: कनेक्शन वित्तीय वर्ष 2021-22 से 2025-26 के बीच राज्य की सभी डिस्कॉम कंपनियों, टीपीएनओडीएल, टीपीडब्ल्यूओडीएल, टीपीसीओडीएल और टीपीएसओडीएल, द्वारा किए गए।
मंत्री ने बताया कि कृषि उद्देश्यों के लिए बिजली रियायती दरों पर उपलब्ध कराई जाती है। एलटी उपभोञ्चताओं के लिए 1.50 पैसे प्रति यूनिट और एचटी उपभोञ्चताओं के लिए 1.40 पैसे प्रति यूनिट की दर से बिजली दी जाती है, जो सामान्य बिजली दरों से काफी कम है। किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए सेक्शन कार्यालय से लेकर सर्किल कार्यालय तक सभी डिस्कॉम दफ्तर आवश्यक कदम उठा रहे हैं। किसान अपनी शिकायतों के समाधान के लिए एक्सपीरियंस सेंटर और कस्टमर केयर से भी संपर्क कर सकते हैं। सिंहदेव ने यह भी बताया कि ओडिशा विद्युत नियामक आयोग (ओईआरसी) के नियमों के अनुसार डिस्कॉम के अंतर्गत शिकायत निवारण मंच (जीआरएफ) कार्यरत हैं और उपभोञ्चताओं की शिकायतों के समाधान के लिए ओम्बड्समैन कार्यालय भी सक्रिय हैं।