पारादीप, (निप्र) : पारादीप पोर्ट प्राधिकरण (पीपीए) की केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) इकाई ने मंगलवार को पारादीप स्थित सीआईएसएफ परिसर में पूरे उत्साह और गौरव के साथ अपना 57वां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर पारादीप पोर्ट प्राधिकरण के अध्यक्ष पी एल हरनाध मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने औपचारिक परेड के दौरान मार्च कर रहे दस्तों की सलामी ली। समारोह को संबोधित करते हुए अध्यक्ष हरनाध ने पोर्ट के अभूतपूर्व विकास में सीआईएसएफ के अमूल्य योगदान की सराहना की और भविष्य में इसे वैश्विक स्तर के मेगा पोर्ट के रूप में विकसित करने की महत्वाकांक्षी योजना का उल्लेख किया।
उन्होंने बताया कि पिछले चार वर्षों में पारादीप पोर्ट ने लगभग 9 प्रतिशत की चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर (सीएजीआर) हासिल की है, जो राष्ट्रीय औसत से लगभग दोगुनी है। उन्होंने कहा कि पोर्ट के प्रवेश द्वार देश के आर्थिक गलियारे हैं, इसलिए सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए पोर्ट प्राधिकरण उन्नत सुरक्षा अवसंरचना में बड़े पैमाने पर निवेश कर रहा है। अध्यक्ष हरनाध ने कहा कि पारादीप पोर्ट को विश्वस्तरीय मेगा पोर्ट बनाने के लिए पीपीए और सीआईएसएफ के बीच निरंतर सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने बल से पारदर्शिता और पेशेवर मानकों को बनाए रखने का आह्वान किया, ताकि यह बंदरगाह देश की आर्थिक प्रगति का सुरक्षित और प्रभावी केंद्र बना रहे। यह कार्यक्रम सीआईएसएफ उप कमांडेंट (अग्निशमन) मनोज चौहान के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इस अवसर पर सीआईएसएफ कर्मियों ने डॉग स्क्वॉड का शानदार प्रदर्शन भी किया।