बामड़ा/बलांगीर,(निप्र) : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बलांगीर जिला मुख्यायालय अस्पताल परिसर में 'सेवा और सम्मान' कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सहयोग फाउंडेशन, उत्कल प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन और लायंस क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में नारी शक्ति को सम्मानित करने के साथ-साथ जरूरतमंद लोगों की सहायता की गई।
कार्यक्रम के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 20 महिलाओं को सम्क्वमानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि इन महिलाओं की संघर्ष और सफलता की कहानियां अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणादायक साबित होंगी। महिला दिवस के उपलक्ष्य में 500 से अधिक जरूरतमंद महिलाओं के बीच साडिय़ों का वितरण किया गया। इसके साथ ही युवाओं और स्वयंसेवकों के सहयोग से आयोजित रक्तदान शिविर में 51 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जो जरूरतमंद मरीजों के उपचार में उपयोगी होगा।
कार्यक्रम के अंत में एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 1100 जरूरतमंद लोगों को भोजन कराया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बलांगीर नगरपालिका की अध्यक्ष लिका साहू ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण ही एक प्रगतिशील और समावेशी समाज की मजबूत नींव है। वहीं विशेष अतिथि लायन बिंदु साहू ने महिलाओं को नेतृत्व की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया। मुक्चय वक्ता और साइबर सेल की इंस्पेक्टर भारती नायक ने महिलाओं को साइबर सुरक्षा और डिजिटल साक्षरता के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। कार्यक्रम के दौरान सशक्त महिला, सशक्त समाज का संकल्प भी लिया गया।