कटक, (निप्र) : भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के कटक क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से स्थानीय एक होटल में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया गया। इस कार्यक्रम में एसबीआई भुवनेश्वर मंडल की महाप्रबंधक डा वंदना अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि उप महाप्रबंधक (डीजीएम) प्रशांत कुमार सम्मानित अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में प्रतिष्ठ हासिल करने वाली कई महिलाएं कार्यक्रम में शामिल हुईं। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को स्वावलंबी और सशक्त बनाने के लिए एसबीआई द्वारा प्रदान की जा रही विभिन्न सेवाओं और योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
एससीबी मेडिकल कॉलेज की डीन एवं अध्यक्ष डा लूसी दास तथा प्रसिद्ध समाजसेवी कविता महापात्र ने अपने लंबे अनुभव साझा करते हुए महिलाओं के सशक्तिकरण और विकास से जुड़े मुद्दों पर विचार व्यञ्चत किए। इस मौके पर एसबीआई कटक के क्षेत्रीय प्रबंधक चौधरी अश्विन अनुपम प्रहराज ने मुख्य वक्ता के रूप में बैंक की विभिन्न महिला हितैषी ऋण योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में मौजूद कई महिला उद्यमियों ने भी भारतीय स्टेट बैंक द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं और अवसरों की सराहना की।