बलांगीर, : बलांगीर के मारवाड़ी सेवा सदन में आयोजित एक बैठक में उत्कल प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन की बलांगीर शाखा के आगामी कार्यकाल (2026-28) के लिए चुनाव की तारीख की घोषणा की गई। सम्मेलन के वर्तमान अध्यक्ष संजय अग्रवाल की अध्यक्षता में हुई कार्यकारिणी और निदेशक मंडल की बैठक में सर्वसहमति से 28 मार्च को मतदान कराने का निर्णय लिया गया है। गौरतलब है कि वर्तमान अध्यक्ष संजय अग्रवाल का कार्यकाल 31 मार्च को समाप्त हो रहा है। उन्होंने लोकतांत्रिक प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए नए अध्यक्ष के चुनाव का प्रस्ताव रखा, जिसे सदन ने स्वीकार कर लिया।
निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने के लिए सीए. नरेंद्र जैन और अधिवक्ता नकुल अग्रवाल को मुख्य चुनाव अधिकारी नियुक्त किया गया है। बैठक में अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने 15 मार्च को संबलपुर में होने वाले प्रांतीय अधिवेशन शिखर के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बलांगीर से अधिक से अधिक सदस्यों से इसमें भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पिछले दो वर्षों में कार्यकारिणी के सभी सदस्यों ने समाज सेवा के कार्यों में कंधे से कंधा मिलाकर सहयोग दिया है, जिसके लिए वे सभी के आभारी हैं। चुनाव की तारीख घोषित होने के बाद समाज में नए नेतृत्व को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। बैठक के अंत में कार्यकारिणी अध्यक्ष मोहन अग्रवाल ने धन्यवाद ज्ञापन किया।