शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की
भुवनेश्वर, (निप्र) : मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी के आवास पर जाकर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। रिपोर्ट के अनुसार, सुरेश पुजारी हाल ही में नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) से लौटे हैं, जहां उनकी कोरोनरी आर्टरी रोग और ट्रिपल वेसल डिजीज के इलाज के लिए सर्जरी की गई थी। बताया गया है कि 3 मार्च को सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें एम्स भुवनेश्वर में भर्ती कराया गया था।
बाद में उन्नत उपचार के लिए उन्हें दिल्ली एम्स भेजा गया। उल्लेखनीय है कि सुरेश पुजारी ने पहले ही घोषणा की थी कि वे आज होने वाले राज्यसभा चुनाव में अपना वोट डालेंगे। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर भी राजस्व मंत्री सुरेश पुजारी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने लिखा, आज मैंने राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी से उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। मैं भगवान जगन्नाथ से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। वे जल्द पूरी तरह स्वस्थ होकर फिर से पूरे उत्साह के साथ जनसेवा में जुटें।