Please wait...

 
Trending Now
  • ओडिशा प्रसिद्ध हरिराजपुर मेला संपन्न
  • राज्यसभा चुनाव कांग्रेस और बीजद ने जारी किया व्हिप
  • भारतीय रेलवे ने दो विशेष ट्रेनों को किया नियमित, मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी व रेल मंत्री को दिया धन्यवाद
  • जिंदल स्टील बनी दो लौह अयस्क ब्लॉकों की पसंदीदा बोलीदाता
  • केयर अस्पताल में किडनी पर जागरुकता कार्यक्रम आयोजित
Friday, Mar 13, 2026
Published on: Thursday, March 12, 2026
राज्य

ओडिशा प्रसिद्ध हरिराजपुर मेला संपन्न


गोपीनाथ सेवा समिति ने लगाया शिकंजी शिविर 
जटनी, (निप्र) : हरिराजपुर के प्रसिद्ध शैव पीठ पश्चिमशंभु महादेव मंदिर के निकट लगभग 500 एकड़ के विशाल मैदान में आयोजित होने वाला ऐतिहासिक पंचू दौल मेला इस वर्ष भी धार्मिक आस्था और पारंपरिक उत्साह के बीच संपन्न हो गया। लगभग 392 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहे इस मेले में जटनी और डेलांग ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले 108 गांवों से देवी-देवताओं की चल प्रतिमाएं भव्य शोभायात्रा के साथ मेले में पहुंचीं और पांच दिनों तक धार्मिक अनुष्ठानों के बाद गुरुवार को पारंपरिक मिलन समारोह के साथ अपने-अपने गांव लौट गईं।
 
यह मेला 8 मार्च की देर रात आतिशबाजी और गाजे-बाजे के साथ शुरू हुआ, जिसमें लाखों की संख्या में श्रद्धालु और दर्शक शामिल हुए। विभिन्न गांवों से देवी-देवताओं की प्रतिमाओं को सजे-धजे वाहनों और पालकियों में पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ मेलास्थल तक लाया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल बन गया। मेले के दौरान हरिराजपुर के ग्राम्य देवता और मुख्य पीठाधीश पश्चिमशम्भू महादेव भी पांच दिनों तक मेलास्थल पर विराजमान रहे। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने बीर-गुलाल अर्पित कर पूजा-अर्चना की और भगवान का आशीर्वाद प्राप्त किया।
 
पंचू दौल मेले में हर वर्ष की तरह इस बार भी लोगों के लिए घरेलू उपयोग की वस्तुएं, खेती-बाड़ी से संबंधित सामान, बच्चों के खेल-खिलौने और विभिन्न प्रकार के व्यंजनों की दुकानों के साथ सर्कस, झूले और जादू के खेल आकर्षण का केंद्र बने रहे। धार्मिक आस्था, लोकसंस्कृति और सामाजिक मेल-मिलाप का यह अनूठा उत्सव क्षेत्र के लोगों के लिए विशेष महत्व रखता है। इस अवसर पर मेले में जुटनेवाली लाखों की भीड़ को राहत पहुंचाने के लिए जटनी की प्रसिद्ध स्वयंसेवी संस्था ‘श्रीगोपीनाथजी सेवा समिति’ ने भीषण गर्मी से श्रद्धालुओं को राहत पहुंचाने हेतु ठंडे पेय और नंबू शिकंजी का शिविर लगाया था।
 
संस्था द्वारा इस प्रकार का शिविर लगातार गत 27 वर्षों से लगाया जा रहा है। इस शिविर में 50 हजार से ज्यादा लोगों को निंबू शिकंजी वितरित की गई। उपरोक्त शिविर को प्रारंभ करनेवाले पूर्व संयोजक स्वर्गीय कैलाश चंद्र धरसुवाला के गत तीन वर्ष पहले देहांत होने के बावजूद संस्था के अन्यान्य सदस्यों ने इस वर्ष भी उनके द्वारा किये गए इस सेवा कार्य को जारी रखा। इस वर्ष मुख्य संयोजक सुशील शर्मा (हरिराजपुर) एवं पवन झुनझुनवाला, रतन लाल दुदवावाला, जगदीश अग्रवाल, अधिवक्ता जयप्रकाश शर्मा के नेतृत्व में यह शिविर लगाया गया था।
 
मुख्य संयोजक सुशील शर्मा, रतनलाल, पवन झुनझुनवाला, जगदीश अग्रवाल के मुताबिक प्रत्येक वर्ष मेले के समापन दिवस पर आस पास के गांवों से लाखों की भीड़ मेला देखने पहुंचते हैं और उन्हें डी-हाईड्रेसन से बचाने के उद्देश्य से संस्था द्वारा शुद्ध ठंडा पानी तथा शिकंजी का वितरण किया जाता है। शिविर को सफल बनाने में संस्था के अन्यान्य सदस्यों में मोतीलाल शर्मा, आनंद शर्मा, गोविंद अग्रवाल, सुनील जोशी, प्रमोद अग्रवाल, बिनय जोशी, के रामा राव, दीपक धरसुवाला, मोहित गोयल, श्याम जोशी, रंजू प्रसाद, सांवरमल शर्मा, रमेश यादव, सुरेश अग्रवाल, रोहित अग्रवाल (गोलू), कृष्ण मिश्र (भुवनेश्वर), आदित्य अग्रवाल, जयप्रकाश अग्रवाल प्रमुख ने सहयोग किया। 

हाल की खबरें
Copyright © 2026 PRAJABARTA. All rights reserved.