विधानसभा की कार्यवाही कई बार बाधित
भुवनेश्वर, (निप्र) : दो दिन की शांति के बाद रसोई गैस (एलपीजी) संकट को लेकर गुरुवार को विधानसभा में भारी हंगामा हुआ। विपक्षी दल कांग्रेस और बीजद ने इस मुद्दे पर राज्य सरकार को कड़े शब्दों में घेरा। विपक्ष का आरोप है कि डबल इंजन सरकार ने जनता को ‘डबल झटका’ दिया है। विपक्षी नेताओं ने कहा कि व्यावसायिक गैस की आपूर्ति बंद होने से राज्यभर में होटल और रेस्तरां के बंद होने की स्थिति पैदा हो गई है। वहीं घरेलू उपभोक्ताओं को भी समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी हो रही है।
विपक्ष ने आरोप लगाया कि इस गंभीर स्थिति के बावजूद राज्य सरकार निद्रा में है। उन्होंने मांग की कि सरकार सदन में स्पष्ट करे कि गैस आपूर्ति को लेकर क्या कदम उठाए गए हैं, अन्यथा विधानसभा की कार्यवाही चलने नहीं दी जाएगी। प्रश्नकाल शुरू होते ही कांग्रेस के सदस्य हाथों में प्लेकार्ड लेकर सदन के बीचों-बीच पहुंच गए और जोरदार नारेबाजी करने लगे। कांग्रेस के साथ बीजद के विधायक भी हंगामे में शामिल हो गए। तेज शोर-शराबे के बीच विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने प्रश्नकाल को आगे बढ़ाने का प्रयास किया।
इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग प्रश्नों के उत्तर दे रहे थे। अध्यक्ष ने कई बार कांग्रेस और बीजद विधायकों से सदन की कार्यवाही में सहयोग करने का अनुरोध किया, लेकिन हंगामा नहीं थमा। अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने पहले सदन को 11:30 बजे तक, फिर 12:10 बजे तक और अंत में शाम 4 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया। कांग्रेस विधायक दल के नेता ने कहा कि राज्य में लोगों के चूल्हे ठंडे पडऩे की नौबत आ गई है, लेकिन डबल इंजन सरकार की नींद नहीं टूट रही है। सरकार को बताना चाहिए कि इस संकट के समय में कौन से कदम उठाए जा रहे हैं।
होटल-रेस्तरां में कारोबार ठप होने की स्थिति बन गई है। पहले गैस बुकिंग के बाद 3-4 दिन में सिलेंडर मिल जाता था, लेकिन अब कई-कई सप्ताह का इंतजार करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि सरकार तुरंत गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करे और इस संबंध में उठाए गए कदमों की जानकारी सदन को दे। वहीं भाजपा विधायक अशोक मोहंती ने कहा कि आपूर्ति मंत्री पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि ओडिशा में गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि युद्ध की स्थिति के कारण कच्चे तेल की आपूर्ति में देरी हो रही है। इसी कारण 21 दिन के बजाय अब 25 दिन के अंतराल पर गैस की बुकिंग ली जा रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे कठिन समय में विपक्ष को सरकार का साथ देना चाहिए, लेकिन इसके बजाय वे राजनीतिक लाभ लेने के लिए अनावश्यक हंगामा कर रहे हैं।