भुवनेश्वर, (निप्र) : भारतीय रेलवे ने भुवनेश्वर-धनबाद और पुरी-पटना विशेष ट्रेनों के नियमितीकरण को मंजूरी दे दी है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को इस घटनाक्रम की जानकारी दी है। वैष्णव ने मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में कहा, जन सुविधा के लिए चलाई जाने वाली विशेष ट्रेनों के नियमितीकरण के संबंध में हुई हमारी चर्चा का संदर्भ लें। आपको यह जानकर खुशी होगी कि दोनों विशेष ट्रेनों के नियमितीकरण को मंजूरी दे दी गई है। भुवनेश्वर-धनबाद स्पेशल (02832ा02831) अब भुवनेश्वर-धनबाद एक्सप्रेस (18403ा18404) के रूप में चलेगी और पुरी-पटना स्पेशल (08439ा08440) अब पुरी-पटना एक्सप्रेस (18405ा18406) के रूप में चलेगी।
भुवनेश्वर-धनबाद एक्सप्रेस प्रतिदिन रात 8.25 बजे भुवनेश्वर से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 11 बजे धनबाद पहुंचेगी। इसकी वापसी यात्रा शाम चार बजे शुरू होगी और ट्रेन अगले दिन सुबह 7.45 बजे ओडिशा की राजधानी पहुंचेगी। भुवनेश्वर-धनबाद एक्सप्रेस ओडिशा के कटक, ढेंकानाल, तालचेर रोड, अनगुल, रेढ़ाखोल, संबलपुर शहर, झारसुगुड़ा और राउरकेला में रुकेगी। वहीं साप्ताहिक पुरी-पटना एक्सप्रेस हर शनिवार को दोपहर 2:55 बजे पटना से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 10:45 बजे बिहार की राजधानी पटना पहुंचेगी।
वापसी यात्रा में, ट्रेन हर रविवार को दोपहर 1:30 बजे पटना से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 9:45 बजे पुरी पहुंचेगी। यह ओडिशा के खोद्र्धा रोड, भुवनेश्वर, कटक, जाजपुर, केंदुझर रोड, भद्रक और बालेश्वर में रुकेगी। माझी ने ट्रेनों के नियमितीकरण को मंजूरी देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री को धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, यह महत्वपूर्ण निर्णय ओडिशा में रेलवे कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा, यात्रियों की सुविधा बढ़ाएगा और साथ ही राज्य भर में आवागमन, पर्यटन और क्षेत्रीय विकास को बढ़ावा देगा।