भुवनेश्वर, (निप्र) : ऐतिहासिक दांडी मार्च की वर्षगांठ पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने महात्मा गांधी और नमक सत्याग्रह में शामिल स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। सोशल मीडिया पर किए गए एक पोस्ट में उन्होंने इस आंदोलन के महत्व को याद करते हुए कहा कि इसने ब्रिटिश शासन के खिलाफ सत्य, अहिंसा और सामूहिक संकल्प की ताकत को पूरी दुनिया के सामने रखा। माझी ने नमक सत्याग्रह के व्यापक प्रभाव का भी उल्लेख किया, जिसने देशभर के लोगों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इसका प्रभाव ओडिशा के इंचुडी में भी देखा गया था।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों और बलिदानों से प्रेरणा लेकर एक विकसित और आत्मसम्मान से भरे भारत तथा ओडिशा के निर्माण के लिए संकल्प लें। अपने पोस्ट में माझी ने लिखा, यह अभूतपूर्व आंदोलन इस बात का प्रमाण था कि अत्याचारी ब्रिटिश शासन को भी सत्य, अहिंसा और सामूहिक संकल्प की शक्ति के आगे झुकना पड़ा। उस दिन उठाई गई एक चुटकी नमक ने हर भारतीय के दिल में नई ऊर्जा और स्वराज का मंत्र भर दिया, जिसने देश की आजादी का मार्ग प्रशस्त किया। ओडिशा के इंचुडी में भी दिखाई दिया नमक सत्याग्रह हमारे राष्ट्र के साहस और बलिदान का प्रतीक है। आइए, उन विजयी आदर्शों और स्वतंत्रता सेनानियों के अद्वितीय बलिदान से प्रेरणा लेकर एक विकसित और आत्मसम्मान से भरे भारत और ओडिशा के निर्माण के अपने संकल्प को और मजबूत करें।