भुवनेश्वर, (निप्र) : राज्य के कई हिस्सों में एलपीजी सिलेंडरों की गंभीर कमी की खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि मध्य-पूर्व में चल रहे युद्ध के कारण गैस आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिससे रसोई गैस की उपलब्धता पर असर पड़ा है। इस कमी का प्रभाव घरों के साथ-साथ व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर भी पड़ रहा है। गैस वितरण केंद्रों और एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की लंबी-लंबी कतारें देखी जा रही हैं। इस स्थिति से उपभोञ्चताओं में असंतोष बढ़ता जा रहा है, क्योंकि लोगों को दैनिक उपयोग के लिए एलपीजी सिलेंडर प्राप्त करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
राजधानी भुवनेश्वर से लेकर दूरदराज के इलाकों तक उपभोक्ताओं को समान समस्या का सामना करना पड़ रहा है। लोग सिलेंडर प्राप्त करने या बुकिंग कराने के लिए वितरकों और गैस एजेंसियों के बाहर घंटों कतारों में खड़े दिखाई दे रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि सिलेंडर बुकिंग में आ रही परेशानियों ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। संबलपुर के एक निवासी ने बताया, ऑनलाइन बुकिंग प्रणाली काम नहीं कर रही है और फोन के माध्यम से बुकिंग भी नहीं हो पा रही है। हमें सिलेंडर बुक कराने के लिए वितरण केंद्रों के बाहर कतार में खड़ा होना पड़ रहा है।
वहीं बलांगीर के एक सडक़ विक्रेता ने बताया कि इस कमी का सीधा असर उनकी आजीविका पर पड़ा है। उन्होंने कहा, व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की उपलब्धता नहीं होने के कारण हमें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आज मेरी दुकान बंद है और मेरा परिवार मुझ पर निर्भर है। आगे अपने परिवार का पालन-पोषण कैसे करूंगा, यह समझ नहीं आ रहा। एक अन्य उपभोञ्चता ने आरोप लगाया कि वितरक बुकिंग स्वीकार नहीं कर रहे हैं। उनका कहना है, वितरण केंद्र किसी भी प्रकार की बुकिंग नहीं ले रहे हैं और लगातार देरी कर रहे हैं, जिससे हमारी चिंता बढ़ गई है।