Please wait...

 
Trending Now
  • सीआईआई ओडिशा राज्य परिषद के अध्यक्ष बने अनिल कुमार सिंह
  • राज्यसभा चुनाव के कारण 16 मार्च को विधानसभा की बैठक रद्द
  • नहीं मिल रहे गैस सिलेंडर : शादी के भोज में घट रहा मेन्यू
  • नवीन की टेंशन : बैठक में नहीं पहुंचे 6 विधायक
  • राज्यसभा चुनाव : नवीन को सता रहा पराजय का भय , विधायक नहीं मान रहे दल की बात
Monday, Mar 16, 2026
Published on: Saturday, March 14, 2026
राज्य

राज्यसभा चुनाव : नवीन को सता रहा पराजय का भय , विधायक नहीं मान रहे दल की बात


नवीन ने लगाया हॉर्स ट्रेडिंग का आरोप
 
भुवनेश्वर, (निप्र) : आने वाली 16 तारीख को राज्यसभा के लिए चुनाव होने जा रहा है। दिन जितना नजदीक आता जा रहा है, राज्यसभा का गणित हर दिन नया मोड़ ले रहा है। संयुक्त उम्मीदवार डा दत्तेश्वर होता को जिताने के लिए बीजद और कांग्रेस के नेता भले ही छाती ठोककर दावा कर रहे हों, लेकिन अब उन्हें अपने ही दल के नेताओं पर भरोसा नहीं रह गया है। कांग्रेस और बीजद के शीर्ष नेतृत्व का ब्लड प्रेशर लगातार बढ़ता जा रहा है। बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक के शनिवार को मीडिया के सामने हॉर्स ट्रेडिंग को लेकर बयान देने के बाद राज्यसभा की राजनीति और भी गरमा गई है।
 
नवीन ने कहा है कि भाजपा हॉर्स ट्रेडिंग कर रही है। उन्होंने कहा कि यह एक अपराध है। नवीन का अचानक मीडिया के सामने घ्हॉर्स ट्रेडिंग की बात करना राज्यसभा चुनाव में बीजद की संभावित हार की ओर इशारा कर रहा है। नवीन का खुले तौर पर हॉर्स ट्रेडिंग की बात कहना यह दर्शाता है कि बीजद के सभी विधायक अब उनके नियंत्रण में नहीं हैं, ऐसा राजनीतिक विशेषज्ञों का मत है। संयुक्त उम्मीदवार को जिताने की शञ्चित अब उनके पास नहीं बची है। यहां तक कि बीजद के पहले उम्मीदवार की जीत को लेकर भी आशंका पैदा हो गई हैं।
 
बीजद से निलंबित पाटकुरा विधायक अरविंद महापात्र और चंपुआ विधायक सनातन महाकुड़ पहले ही अलग हो चुके हैं। इनके अलावा हाल ही में प्रभात बिस्वाल को बीजद से निष्कासित किया जाना और पूर्व सांसद रवींद्र जेना का भाजपा में शामिल होना नवीन के लिए चुनौती बढ़ा चुका है। प्रभात के बेटे सौभिक बिस्वाल और रवींद्र की पत्नी सुभासिनी जेना की राजनीतिक स्थिति को लेकर बीजद सुप्रीमो चिंता में पड़ गए हैं। दोनों को मनाने के लिए बीजद के 14 विधायकों को जिम्मेदारी दी गई है। वे प्रभात और रवींद्र के साथ लगातार बातचीत कर रहे हैं। विपक्ष की मुख्य सचेतक प्रमिला मल्लिक शुक्रवार को सुभासिनी को साथ लेकर नवीन निवास गई थीं। बताया जाता है कि नवीन ने भी सुभासिनी से बातचीत की है।
 
दूसरी ओर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) अध्यक्ष भक्त चरण दास अपने दल के 14 में से 9 विधायकों को लेकर बेंगलुरु में गुप्त रूप से ठहरे हुए हैं। जो 5 विधायक ओडिशा में हैं, उनमें से कटक बारबटी की विधायक सोफिया फिरदौस, रामचंद्र काडाम और तारा वाहिनीपति मीडिया के सामने आकर कांग्रेस समर्थित संयुक्त उम्मीदवार को वोट देने की बात कह रहे हैं, जबकि मोहना विधायक दासरथी गमांग और सानखेमुंडी विधायक रमेश जेना का कोई पता नहीं चल रहा है।
सोफिया फिरदौस, रामचंद्र काडाम और तारा वाहिनीपति दल के प्रति वफादार रहेंगे या नहीं, यह भी कहना मुश्किल है। तारा के भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप राय के साथ काफी मधुर संबंध है। वे किसे वोट देंगे, यह चुनाव के दिन ही पता चलेगा। कांग्रेस और बीजद में एक तरह की उलझन भरी स्थिति पैदा हो गई है। दिलीय राय मौके का पूरा फायदा उठाने की कोशिश में हैं।
 
नवीन को हार का अंदेशा हो गया है : जय नारायण
 
भाजपा विधायक जय नारायण मिश्र ने कहा कि हम हॉर्स ट्रेडिंग नहीं कर रहे हैं। बीजद की नाव डूबने की कगार पर है। नवीन बाबू जान चुके हैं कि वे हारने वाले हैं। हार की आशंका के कारण ही वे हॉर्स ट्रेडिंग की बात कर रहे हैं। हम विधायकों से विवेक के अनुसार वोट देने का अनुरोध कर रहे हैं। जिसकी इच्छा होगी वह हमें वोट देगा। इसमें हॉर्स ट्रेडिंग की बात कहां से आ गई।

हाल की खबरें
Copyright © 2026 PRAJABARTA. All rights reserved.