भुवनेश्वर, (निप्र) : प्रदेश में वर्ष 2025 के दौरान महिलाओं के खिलाफ अपराधों में 5.6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। वर्ष 2024 में दर्ज 30,958 मामलों की तुलना में 2025 में यह संख्या बढक़र 32,687 हो गई। यह जानकारी मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने विधानसभा में दी। कांग्रेस विधायक सोफिया फिरदौस के प्रश्न के लिखित उत्तर में मुख्यमंत्री ने जून 2024 से 7 मार्च 2026 तक के 18 महीनों की अवधि का विस्तृत आंकड़ा प्रस्तुत किया, जिसके दौरान राज्य में महिलाओं के खिलाफ 53,000 से अधिक मामले दर्ज किए गए।
जहां कुल मामलों में वृद्धि हुई, वहीं दुष्कर्म के मामलों में हल्की कमी दर्ज की गई। वर्ष 2024 में 3,054 दुष्कर्म के मामले थे, जो 2025 में घटकर 2,994 हो गए। मुख्यमंत्री ने बताया कि दुष्कर्म, दुष्कर्म का प्रयास, सार्वजनिक रूप से निर्वस्त्र करना, एसिड अटैक, दहेज हत्या, आत्महत्या और उत्पीडऩ जैसे गंभीर अपराधों में कमी आई है। हालांकि, छेड़छाड़, यौन उत्पीडऩ, वॉयूरिज्म, पीछा करना (स्टॉकिंग), मानव तस्करी, ईव-टीजिंग और अपहरण जैसे मामलों में वृद्धि दर्ज की गई है।