जनजातीय शिक्षा को बताया अहम
भुवनेश्वर, (निप्र) : ‘फ्रेंड्स ऑफ ट्राइबल सोसाइटी’ (एफटीएस) द्वारा संचालित एकल विद्यालय के विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से मुलाकात कर कुछ यादगार पल साझा किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की और एकल विद्यालय की भूमिका को जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा के विस्तार के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। मुख्यमंत्री माझी ने आश्वासन दिया कि एकल विद्यालय से जुड़े प्रतिनिधि एवं विद्यार्थी किसी भी समय मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) से संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के उत्थान के लिए राज्य सरकार हर संभव सहयोग प्रदान करेगी। मुख्यमंत्री ने एकल विद्यालय के कार्यों की प्रशंसा करते हुए यह भी कहा कि उन्हें भविष्य में अधिक समय इस तरह के सामाजिक एवं शैक्षिक कार्यों को देने की इच्छा है। गौरतलब है कि ‘फ्रेंड्स ऑफ ट्राइबल सोसाइटी’ के माध्यम से देशभर के लगभग 1 लाख आदिवासी गांवों में एक शिक्षक विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं। ओडिशा में ही ऐसे 5,000 से अधिक विद्यालय सक्रिय हैं, जो दूरस्थ क्षेत्रों में बच्चों को बुनियादी शिक्षा उपलब्ध करा रहे हैं।
एकल विद्यालय की शुरुआत वर्ष 1989 में मात्र 2 विद्यालयों के साथ हुई थी। 37 वर्षों के सतत प्रयासों के बाद यह संख्या बढक़र 1 लाख तक पहुंच चुकी है, जो अपने आप में एक प्रेरणादायक उपलब्धि है। जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘फ्रेंड्स ऑफ ट्राइबल सोसाइटी’ को देश के प्रतिष्ठित गांधी पीस अवार्ड से भी सम्मानित किया जा चुका है।