भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई रामनवमी
कटक, (निप्र) : पवित्र रामनवमी के अवसर पर भगवान श्री राम के जन्मोत्सव को कटक शहर में अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया गया। शहर के विभिन्न श्रीराम मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी और पूरे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। श्रद्धालु कतारबद्ध होकर अनुशासित तरीके से भगवान श्रीराम के दर्शन कर पूजा-पाठ करते नजर आए। चौधरी बाजार स्थित मारुति मंडप में श्रीराम की प्रतिमा स्थापित कर नौ दिवसीय श्रीराम चरित पाठ का शुभारंभ किया गया। यहां अनेक साधु-संतों ने श्रीरामचरितमानस का पाठ किया। वहीं महानदी तट स्थित श्रीराम मंदिर में भी विशेष उत्साह के साथ रामनवमी उत्सव मनाया गया।
बिड़ानासी चहटा घाट स्थित श्रीराम निगमेश्वर मंदिर में भी विविध धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। यहां नवमी पूजा, रघुनाथ अभिषेक, सहस्रनाम जप तथा दिन-रात चलने वाले विश्व शांति महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। शहर के विभिन्न मंदिरों में दिन-रात सहस्रनाम जप जारी है। बड़ी संख्या में महिलाओं ने उपवास रखकर भगवान श्रीराम के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की। कमिश्नरेट पुलिस की ओर से सभी प्रमुख मंदिरों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद तथा अन्य हिंदू संगठनों द्वारा भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। यह शोभायात्रा चौधरी बाजार मारुति मंडप से निकलकर पूरे कटक शहर का भ्रमण करती रही। शहर जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालु हाथों में केसरिया ध्वज लेकर शोभायात्रा में शामिल हुए। शोभायात्रा में श्रीराम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान की झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। विभिन्न पूजा समितियों ने शोभायात्रा का स्वागत और सम्मान किया। शोभायात्रा के दौरान भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। कुल मिलाकर कटक शहर में रामनवमी का पर्व पूरी श्रद्धा, उल्लास और शांति के साथ संपन्न हुआ।