100 से अधिक प्रोजेक्ट्स और 35,000 उत्पादों का भव्य प्रदर्शन
भुवनेश्वर : इंडिया इंटरनेशनल मेगा ट्रेड फेयर और होम एंड डेकोर एक्सपो का भव्य शुभारंभ शुक्रवार को हुआ। इस एक्सपो का उद्घाटन आवास एवं शहरी विकास मंत्री कृष्णचंद्र महापात्र ने किया। इस अवसर पर विधायक बाबू सिंह, विधायक आश्रित पटनायक समेत कई जनप्रतिनिधि और उद्योग जगत के प्रमुख लोग मौजूद रहे। इस आयोजन का उद्देश्य रियल एस्टेट, निर्माण सामग्री, बैंकिंग और लाइफस्टाइल सेक्टर को एक मंच पर लाना है। ओडिशा डेवलपर्स फेडरेशन के अध्यक्ष प्रदीप्त कुमार बिस्वासराय ने कहा कि यह एक्सपो उपभोक्ताओं को जागरूक करने और सही निर्णय लेने में मदद करेगा। उन्होंने सरकार से अपील की कि भूमि उपयोग स्वीकृति प्रक्रिया को सरल बनाया जाए, ताकि निवेश और विकास को गति मिल सके।
साथ ही भुवनेश्वर, कटक और ब्रह्मपुर में बढ़ते ट्रैफिक और शहरी चुनौतियों पर भी ध्यान देने की जरूरत बताई। इस मेले में 40 से अधिक रियल एस्टेट कंपनियां हिस्सा ले रही हैं, जो 100 से ज्यादा प्रोजेक्ट्स प्रदर्शित कर रही हैं। साथ ही 5 देशों और 12 राज्यों के 35,000 से अधिक उत्पाद भी प्रदर्शित किए जा रहे हैं। मेले में बैंक और हाउसिंग फाइनेंस कंपनियां होम लोन सहायता डेस्क के जरिए तुरंत लोन सलाह, ईएमआई जानकारी और प्रारंभिक स्वीकृति भी दे रही हैं। यह एक्सपो 27 मार्च से 4 अप्रैल तक दोपहर 1 बजे से रात 9 बजे तक खुला रहेगा। प्रवेश शुल्क 40 रुपये रखा गया है। आयोजकों को उम्मीद है कि इस दौरान 3 लाख से अधिक लोग मेले का दौरा करेंगे।