आरसीबी अपना खिताब बचाने के लिए होगा प्रतिबद्ध
सीएसके, केकेआर और मुंबई भी प्रबल दावेदार
बेंगलुरु : मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) शनिवार से यहां शुरू होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में अपना खिताब बचाने के लिए प्रतिबद्ध होगा जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर), चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) और मुंबई इंडियंस अपनी खोई प्रतिष्ठा हासिल करने की कोशिश करेंगे। आईपीएल में अगले दो महीनों में विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज खिलाडिय़ों के साथ कुछ युवा खिलाडिय़ों पर भी नजर रहेगी जो अच्छा प्रदर्शन करके अपनी छाप छोडऩे में कोई कसर नहीं रखेंगे। आरसीबी टूर्नामेंट के उद्घाटन मैच में चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद की मेजबानी करेगा और उसका लक्ष्य शानदार शुरुआत करना होगा। लेकिन इस मैच से पहले माहौल थोड़ा गंभीर बना हुआ है क्योंकि पिछले साल चार जून को आरसीबी के खिताब जीतने के जश्न के दौरान स्टेडियम के बाहर भगदड़ मचने से 11 लोगों की मौत हो गई थी। कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ और आरसीबी प्रबंधन ने इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में जान गंवाने वाले लोगों की स्मृति को बनाए रखने के लिए कुछ कदम उठाए हैं। केएससीए ने स्टेडियम में 11 सीटें स्थाई रूप से खाली छोडऩे की घोषणा की है। इस स्टेडियम को आईपीएल मैचों की मेजबानी के लिए राज्य सरकार से अनुमति मिलने से पहले कई अनिश्चित महीनों का सामना करना पड़ा था। आरसीबी के खिलाड़ी पहले मैच के दिन अभ्यास सत्र के दौरान 11 नंबर की जर्सी पहनेंगे।
दोनों के पास गेंदबाजी संसाधनों की कमी
जहां तक मैच का सवाल है तो आरसीबी और सनराइजर्स दोनों के पास गेंदबाजी संसाधनों की कमी है। आरसीबी को जोश हेज़लवुड और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज यश दयाल के बिना खेलना होगा। दोनों ने 2025 के विजई अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, लेकिन विभिन्न कारणों से इस वर्ष वे अधिकतर मैचों में बाहर रहेंगे। हेजलवुड ऑस्ट्रेलिया में चोट से उबरकर पूरी तरह फिट होने के लिए प्रयास कर रहे हैं और वह बाद में टीम में शामिल हो सकते हैं। यौन उत्पीडऩ के आरोपों का सामना कर रहे दयाल पूरे सत्र से बाहर रहेंगे। आरसीबी को अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार, स्पिनर क्रुणाल पंड्या, सुयश शर्मा और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मंगेश यादव पर काफी हद तक निर्भर रहना होगा। सनराइजर्स के कप्तान पैट कमिंस भी शुरुआती चरण में टीम में नहीं होंगे। ईशान किशन को कार्यवाहक कप्तान बनाया गया है। लेकिन सनराइजर्स के बैकअप विकल्प ज्यादा भरोसेमंद नहीं लगते। ब्रायडन कार्स, जयदेव उनादकट, हर्षल पटेल और हर्ष दुबे को सपाट पिचों पर कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ सकता है।
दोनों टीमें बल्लेबाजी से करना चाहेंगी भरपाई
दोनों टीमें अपनी गेंदबाजी की कमजोरी का बल्लेबाजी से भरपाई करना चाहेंगी। आरसीबी के पास विराट कोहली, टिम डेविड, फिल साल्ट, जैकब बेथेल, कप्तान रजत पाटीदार, रोमारियो शेफर्ड जैसे बल्लेबाज हैं जबकि सनराइजर्स के पास भी ट्रैविस हेड, अभिषेक शर्मा, किशन और हेनरिक क्लासेन के रूप में धाकड़ बल्लेबाज हैं।
तीन टीमों के पास हैं कुल 13 आईपीएल खिताब
मुंबई इंडियंस, चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के पास कुल मिलाकर 13 आईपीएल खिताब हैं। लेकिन पिछला सत्र उनके लिए अच्छा नहीं रहा था। मुंबई की टीम पिछले सत्र में चौथे स्थान पर रहकर प्लेऑफ में पहुंची थी। पांच बार की चैंपियन यह टीम अपने इस प्रदर्शन में सुधार करने की कोशिश करेगी। केकेआर और सीएसके क्रमश: आठवें और दसवें स्थान पर रहे थे। उन्होंने अपनी टीमों में काफी बदलाव किया है। सीएसके ने राजस्थान रॉयल्स के पूर्व कप्तान संजू सैमसन को टीम में शामिल किया तथा मैट हेनरी और नूर अहमद को भी टीम में जोड़ा है।
धोनी संभवत: आखिरी बार दमदार प्रदर्शन करना चाहेंगे
सीएसके की टीम महेंद्र सिंह धोनी से संभवत: आखिरी बार शानदार प्रदर्शन की उम्मीद करेंगी, जिन्होंने आईपीएल में अपने भविष्य को लेकर संशय बनाए रखा है। केकेआर ने टिम सीफर्ट, फिन एलन, रचिन रविंद्र और कैमरन ग्रीन को शामिल करके अपनी बल्लेबाजी को मजबूती दी है। कप्तान अजिंक्य रहाणे शीर्ष क्रम में टीम को एकजुट रखने की भूमिका निभाएंगे और उप-कप्तान रिंकू सिंह को उस फिनिशर की भूमिका में ढलना होगा जो आंद्रे रसेल ने 2014 से लेकर पिछले साल संन्यास लेने से पहले तक निभाई थी। गेंदबाजी में उनके पास वरुण चक्रवर्ती और सुनील नारायण के रूप में दो तुरुप के पत्ते हैं, लेकिन उनका तेज गेंदबाजी विभाग कमजोर है।
:
आरआर और जीटी अपने नाम एक और खिताब जोडऩा चाहेंगे
राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटन्स अपने नाम पर एक और खिताब जोडऩे की कोशिश करेंगे, जबकि दिल्ली कैपिटल्स, पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपरजायंट्स अपना पहला खिताब जीतने के लिए मैदान पर उतरेंगे। इस आईपीएल में कोहली और रोहित पर भी नजर टिकी रहेगी। इन दोनों को कुछ भी साबित करने की जरूरत नहीं है लेकिन वे हमेशा की तरह दर्शकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की कोशिश करेंगे। कोहली ने पिछले साल आरसीबी की आईपीएल में पहली खिताबी जीत के साथ अपने शानदार रिकॉर्ड में एक और ट्रॉफी जोड़ ली। यह देखना दिलचस्प होगा कि यह खिलाड़ी अपने पूर्व के प्रदर्शन को दोहराने में सफल रहता या नहीं। कोहली की चुनौती खुद से भी होगी। जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू वनडे श्रृंखला के बाद उन्हें भरपूर आराम मिल चुका है।