जफर इकबाल को मेजर ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से नवाजा गया
नई दिल्ली : अनुभवी फॉरवर्ड नवनीत कौर और मिडफील्डर हार्दिक सिंह को यहां आठवें सालाना पुरस्कारों में वर्ष 2025 के सर्वश्रेष्ठ महिला और पुरूष खिलाड़ी का हॉकी इंडिया बलबीर सिंह सीनियर पुरस्कार दिया गया। दोनों खिलाडिय़ों को पुरस्कार के तौर पर 20 लाख रुपये का चेक दिया गया। इसके साथ ही 1980 मॉस्को ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य रहे जफर इकबाल को मेजर ध्यानचंद लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से नवाजा गया। जफर इकबाल ने इस मौके पर कहा , मैं चाहता हूं कि भारतीय हॉकी टीम फिर से ओलंपिक चैम्पियन बने। ओलंपिक और विश्व कप जीतना आसान नहीं होता लेकिन मुझे टीम पर पूरा यकीन है कि हम फिर स्वर्ण पदक जीतेंगे। वर्ष 2025 की सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर का बलजीत सिंह पुरस्कार बिछू देवी खारीबम को दिया गया जबकि हॉकी इंडिया परगट सिंह सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर का पुरस्कार संजय ने जीता। वर्ष के सर्वश्रेष्ठ मिडफील्डर का अजित पाल सिंह पुरस्कार सुमित को और सर्वश्रेष्ठ फॉरवर्ड का धनराज पिल्लै पुरस्कार सुखजीत सिंह को मिला। सभी खिलाडय़िों को पांच पांच लाख रूपए का चेक प्रदान किया गया। सर्वश्रेष्ठ अंडर 21 खिलाड़ी का जुगराज सिंह पुरस्कार (पुरूष) चेन्नई में पिछले साल एफआईएच जूनियर विश्व कप में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम के गोलकीपर प्रिंसदीप सिंह को दिया गया। वहीं महिला श्रेणी में असुंथा लाकड़ा सर्वश्रेष्ठ उदीयमान खिलाड़ी का पुरस्कार साक्षी राणा को मिला।