Please wait...

 
Trending Now
  • शीर्ष 10 में से सात कंपनियों का मार्केट कैप 1.75 लाख करोड घटा
  • पेशेवर मुक्केबाजी में उतर सकती हैं मैरी कॉम
  • ब्रेक से तरोताजा होकर वापसी में मदद मिली : कोहली
  • भव्य शोभायात्रा के साथ संपन्न हुआ बासंती दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन
  • विद्यार्थियों में ज्ञान के साथ चरित्र का भी विकास करें शिक्षक : राज्यपाल
Monday, Mar 30, 2026
Published on: Saturday, March 28, 2026
राज्य

तीर्थयात्री बस पलटने से 5 की मौत, 40 से अधिक घायल


नयागढ़, (निप्र) : राज्य के नयागढ़ जिले में शुक्रवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग-57 पर तकराघाट (हनुमान घाटी) के पास एक तीर्थयात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 40 से अधिक यात्री घायल हो गए। इनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह हादसा रात करीब 1 बजे उस समय हुआ, जब ब्रह्मपुर से लगभग 60 श्रद्धालुओं को लेकर एक निजी पर्यटक बस हरिशंकर मंदिर की ओर जा रही थी। 
 
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार में एक तीखे मोड़ पर चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद बस सड़क किनारे एक बड़े पत्थर से टकराकर पलट गई। यह इलाका पहले से ही खतरनाक मोड़ों के कारण दुर्घटना-प्रवण माना जाता है।
 
इस हादसे में चालक समेत पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान हरी पात्र, लक्ष्मी पात्र, सुप्रभा साहू, सुमति साहू और चालक प्रवीण साहू के रूप में हुई है। हादसे के दौरान कई यात्री बस के अंदर ही फंस गए, जबकि कुछ लोग झटके से बाहर जा गिरे। घटना की सूचना मिलते ही दासपल्ला और बनिगोछा पुलिस थानों की टीम, फायर सर्विस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। गैस कटर की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों ने भी बचाव कार्य में सहयोग किया।
 
घायलों को पहले दशपल्ला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल करीब 10 से 15 लोगों को नयागढ़ जिला मुख्यालय अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार कई घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों और घायलों ने बताया कि बस काफी तेज गति में थी। एक घायल यात्री ने कहा कि चालक ने तेज रफ्तार में तीखा मोड़ लिया, जिसके कारण बस पलट गई। वहीं अन्य यात्रियों ने भी ओवरस्पीडिंग को हादसे की मुख्य वजह बताया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। 
 
दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए कई पहलुओं की जांच की जा रही है, जिनमें ओवरलोडिंग, चालक की थकान, वाहन की तकनीकी स्थिति और सड़क की हालत शामिल हैं। इस दर्दनाक हादसे के बाद ब्रह्मपुर क्षेत्र में शोक की लहर है, क्योंकि बस में सवार अधिकांश यात्री एक ही इलाके के थे और धार्मिक यात्रा पर निकले थे। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि घटना की विस्तृत जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
 
मुख्यमंत्री ने घोषित किया मुआवजा
 
भुवनेश्वर : मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने नयागढ़ के दशपल्ला क्षेत्र में हुए दर्दनाक बस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री ने मृतकों के प्रति शोक व्यक्त करते हुए उनके परिवार को मुख्यमंत्री राहत कोष से 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। वहीं नेता प्रतिपक्ष नवीन पटनायक ने नयागढ़ में हुए बस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। पटनायक ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की।
 
उन्होंने कहा, नयागढ़ में तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस के हादसे की खबर से मैं बेहद दुखी हूं, जिसमें कई लोगों की जान चली गई और कई अन्य घायल हो गए। मैं दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने तथा उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलने की कामना करता हूं। इस दुखद समय में मैं पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।
 

हाल की खबरें
Copyright © 2026 PRAJABARTA. All rights reserved.