भुवनेश्वर, (निप्र) : महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और वित्तीय आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ओडिशा सरकार ने सुभद्रा योजना के तहत नए आवेदनों के लिए एक और अवसर देने की घोषणा की है। आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जो पात्र महिलाएं पहले आवेदन नहीं कर पाई हैं, वे 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक सुभद्रा पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी योग्य लाभार्थी योजना से वंचित न रहे। निर्देशों के अनुसार, 1 अप्रैल 2026 तक आवेदिक की आयु 21 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
चयनित लाभार्थियों को वित्त वर्ष 2026-27 से प्रति वर्ष 10,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी, जो दो किस्तों में प्रदान की जाएगी और योजना की अवधि तक जारी रहेगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस अवधि में केवल नए आवेदनों पर ही विचार किया जाएगा। जो महिलाएं पहले ही आवेदन कर चुकी हैं, उनके आवेदन दोबारा स्वीकार नहीं किए जाएंगे। आवेदन प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए राज्यभर में कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) और आम सेवा केंद्र (एएसके) के माध्यम से पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
इसके अलावा, सभी आंगनबाड़ी केंद्रों और बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) कार्यालयों में आवेदन पत्र नि:शुल्क उपलब्ध होंगे। राज्य सरकार ने इसे एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा है कि यह योजना महिलाओं की आर्थिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता को मजबूत करने के साथ-साथ अधिक से अधिक महिलाओं को इससे जोडऩे में सहायक होगी।