अहमदाबाद : भारत के पूर्व तेज गेंदबाज इरफान पठान का मानना है कि राजस्थान रॉयल्स की गुजरात टाइटन्स पर रोमांचक जीत के दौरान डेथ ओवरों में रियान पराग के साहसिक फैसलों से नेतृत्वकर्ता के तौर पर उनका आत्मविश्वास काफी बढ़ेगा। मौजूदा सत्र में रॉयल्स की कप्तानी संभालने वाले पराग ने आखिरी पलों में एक अहम रणनीति फैसला करते हुए जोफ्रा आर्चर को 19वां और तुषार देशपांडे को आखिरी ओवर सौंपा। पठान ने कहा, यह अब तक का सत्र का सबसे अच्छा मैच था। राजस्थान के लिए यह बहुत जरूरी था कि रियान पराग टीम की कप्तानी करते हुए वह सम्मान हासिल करें।
उन्होंने कहा, उन्होंने आखिरी ओवर में वह मुश्किल फैसला लिया और वह फैसला राजस्थान के पक्ष में गया जिससे उन्हें एक नेतृत्वकर्ता के तौर पर बहुत आत्मविश्वास मिलेगा। वह 19वां ओवर फेंकने के लिए जोफ्रा आर्चर के पास गए क्योंकि आम तौर पर आप आखिरी से पहले वाले ओवर में अपने सबसे अधिक अनुभवी गेंदबाज के साथ जाते हैं। उन्होंने कहा, जडेजा के गेंदबाजी में आते ही उन्होंने गति का इस्तेमाल किया और फिर स्लॉग स्वीप किया। ये सुदर्शन के लिए मजबूत पक्ष हैं जिन पर वह भरोसा करते हैं और उन्हें नतीजे मिले।