Please wait...

 
Trending Now
  • आईपीएल : लखनऊसुपर जायंट्स ने जीत का खोला खाता
  • गैस संकट के बीच कालाबाजारी का खेल बेनकाब, 105 सिलेंडर जब्त
  • ओडिशा में एलपीजी पर कड़ा नियंत्रण, खुले बाजार में बिक्री पूरी तरह बंद
  • डॉ प्रसन्न कुमार साहू को मिला डॉक्टर जगन्नाथ महापात्र सम्मान
  • एचपीसीएल ने ईंधन और एलपीजी की अबाध आपूर्ति बनाए रखी
Monday, Apr 6, 2026
Published on: Sunday, April 05, 2026
राज्य

गैस संकट के बीच कालाबाजारी का खेल बेनकाब, 105 सिलेंडर जब्त


जाजपुर, (निप्र) : जाजपुर जिले में अवैध एलपीजी कारोबार के खिलाफ खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता कल्याण विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी में 105 गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। इनमें 103 घरेलू और 2 व्यावसायिक सिलेंडर शामिल हैं। यह कार्रवाई रविवार को गुप्त सूचना के आधार पर की गई, जब क्षेत्र में गैस की संभावित कालाबाजारी की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण कर उन्हें ऊंचे दाम पर बेचने की गतिविधियों की जानकारी मिलने के बाद विभाग ने निगरानी तेज कर दी थी।
 
इसी क्रम में कोरई और सुकिंदा क्षेत्र में एक साथ छापेमारी अभियान चलाया गया। छापेमारी के दौरान कोरई इलाके से 98 सिलेंडर बरामद किए गए, जिनमें एक स्थान से 70 और दूसरे स्थान से 28 सिलेंडर जब्त किए गए। वहीं, सुकिंदा से 5 घरेलू और 2 व्यावसायिक सिलेंडर बरामद हुए। अधिकारियों का मानना है कि इन सिलेंडरों को अवैध रूप से जमा कर बाजार में अधिक कीमत पर बेचा जा रहा था, जिससे आम उपभोक्ताओं को नुकसान उठाना पड़ रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि पकड़े जाने से बचने के लिए सिलेंडरों को अलग-अलग गुप्त स्थानों पर छिपाकर रखा गया था।
 
आरोप है कि अवैध कारोबारी सरकारी वितरण प्रणाली को दरकिनार कर ग्राहकों को मनमाने दाम पर गैस उपलब्ध करा रहे थे। जाजपुर आपूर्ति अधिकारी दिलीप कुमार पाणिग्राही ने बताया कि 4 अप्रैल को छापेमारी की योजना बनाई गई थी और दो अलग-अलग टीमों को कोरई और सुखिंदा ब्लॉकों में भेजा गया। उन्होंने कहा कि जब्त किए गए सभी सिलेंडरों को नजदीकी अधिकृत गैस एजेंसी को सौंप दिया गया है, हालांकि इस मामले में अभी तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सिलेंडरों को घरों में जमा कर अवैध बिक्री के लिए रखा गया था और यह सीधे तौर पर कालाबाजारी का मामला है।
 
विभाग ने संकेत दिया है कि जल्द ही संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी और पूरे नेटवर्क की जांच की जाएगी। विशेषज्ञों का मानना है कि हाल के दिनों में अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और आपूर्ति श्रृंखला पर पड़े प्रभाव के कारण गैस आपूर्ति को लेकर लोगों में चिंता बढ़ी है। ऐसे समय में कुछ असामाजिक तत्व इस स्थिति का फायदा उठाकर कालाबाजारी में लिप्त हो रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि जिले में गैस की कोई वास्तविक कमी नहीं है, लेकिन कृत्रिम संकट पैदा कर मुनाफाखोरी की कोशिशें की जा रही हैं।

हाल की खबरें
Copyright © 2026 PRAJABARTA. All rights reserved.