Please wait...

 
Trending Now
  • सांसद ने रास में उठाया ओडिशा के प्रवासी श्रमिकों का मुद्दा
  • तनिष्क ने लगाई प्राकृतिक हीरों की विशेष प्रदर्शनी
  • धान खरीद के मुद्दे पर बीजू जनता दल ने किया प्रदर्शन
  • अरुंधति ज्वैलर्स का '51 मेगा लखपति ड्राÓ संपन्न
  • मुख्‍यमंत्री ने 'श्रीजगन्नाथ दर्शन' योजना का किया शुभारंभ
Saturday, Feb 14, 2026
Published on: Friday, February 13, 2026
खेल

पाकिस्तान के गेंदबाज तारिक का अनोखा एक्शन बना विवाद का विषय


इस्लामाबाद : पाकिस्तान के स्पिनर उस्मान तारिक का गेंद फेंकने के दौरान क्षणिक विराम और क्रीज पर मूर्ति जैसी मुद्रा ने टी20 विश्व कप के दौरान कई लोगों का ध्यान अपनी तरफ आकर्षित किया है। ऐसा लगता है कि वह बल्लेबाजों को भ्रम में डालने के लिए ऐसा करते हैं जिसको लेकर सवाल भी उठाए जा रहे हैं।  इसके साथ ही विवाद भी खड़ा हो गया है। तारिक की रुक-रुक कर गेंद फेंकने की शैली को अवैध गेंद कहना या क्रिकेट की भाषा में कहें तो चकिंग कहना। उनके गेंदबाजी एक्शन की दो बार रिपोर्ट भी की गई लेकिन दोनों अवसरों पर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने उनके एक्शन को सही करार दिया। इस 28 वर्षीय ऑफ स्पिनर के अपरंपरागत गेंदबाजी एक्शन ने पहले ही खेल के सबसे छोटे प्रारूप में कुछ खिलाडिय़ों का ध्यान अपनी तरफ खींचा है। उन्होंने इस सप्ताह श्रीलंका में अपने पहले टी20 विश्व कप मैच में अमेरिका के खिलाफ तीन विकेट लिए थे।
क्रिकेट के नियमों के अनुसार तारिक के एक्शन को अवैध ठहराना आसान भी नहीं है।
किसी गेंदबाज के एक्शन को अवैध करार देने के लिए सबसे पहला कारण 15 डिग्री का नियम है। इस नियम के अनुसार गेंदबाज अपनी कोहनी को 15 डिग्री की सीमा से अधिक नहीं मोड़ सकता है जिसका मैदान पर मौजूद अंपायरों के लिए वास्तविक समय में सटीक आकलन करना लगभग असंभव है। ऑस्ट्रेलिया के कैमरन ग्रीन और दक्षिण अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस जैसे बल्लेबाज कुछ ऐसे उल्लेखनीय खिलाड़ी हैं जो तारिक के गेंदबाजी एक्शन से हैरान रह गए थे। नवंबर में टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में तारिक की दूसरी ही गेंद पर पावर हिटर ब्रेविस आउट हो गए। लाहौर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पाकिस्तान की 3-0 से जीत के दौरान ग्रीन ने उनकी बाहर जाती एक गेंद को कवर में खड़े क्षेत्ररक्षक के पास पहुंचा दिया और उन्हें पवेलियन लौटना पड़ा। इस पर ग्रीन ने अविश्वास से अपना सिर हिलाया और बाउंड्री लाइन के पास तारिक के गेंदबाजी एक्शन का मजाक उड़ाया, हालांकि बाद में उन्होंने माफी मांग ली थी। तारिक का टी20 क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन देखने को मिला है। नवंबर में त्रिकोणीय श्रृंखला के दौरान रावलपिंडी में जिम्बाब्वे के खिलाफ उन्होंने 18 रन देकर चार विकेट लिए थे जिसमें हैट्िरक भी शामिल है। उन्होंने अब तक केवल चार टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 88 गेंदों पर 11 विकेट लिए हैं।
 
मेरी बांह में दो कोहनी हैं : तारिक
तारिक ने कहा, मेरी बांह में दो कोहनी हैं। मेरी बांह स्वाभाविक रूप से मुड़ती है। मैंने इसकी जांच करवाई है और रिपोर्ट में यह स्पष्ट है। हर कोई महसूस करता है कि मैं अपनी बांह मोड़ता हूं। मेरी मुड़ी हुई बांह एक जैविक समस्या है। 
 
जब वह रुके तो बस क्रीज से दूर हट जाएं : अश्विन
नई दिल्ली :,   दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने पाकिस्तान के ऑफ स्पिनर उस्मान तारिक की अनूठी साइड आर्म एक्शन से की गई गेंदों का सामना करने के लिए भारतीय बल्लेबाजों के लिए एक सरल सुझाव दिया है कि जब वह गेंद फेंकने से पहले रुके तो बस क्रीज से दूर हट जाएं। 
अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल ऐश की बात पर कहा, अगर गेंदबाज गेंद फेंकने से पहले थोड़ा रुक जाता है, तो बल्लेबाज को दूर हटने का अधिकार है। वह कह सकता है कि मुझे लगा कि वह रुक रहा है। यह एक दिलचस्प मामला होगा और अंपायर के लिए बड़ी परेशानी खड़ी कर देगा। उन्होंने कहा, अगर मैं वहां होता तो मैं भी यही करता। मैच जीतने के लिए नियमों के दायरे में रहकर हर संभव प्रयास करना चाहिए। मैं बस इतना कहता कि मुझे नहीं पता कि वह गेंद कब छोड़ेगा और मैं एक तरफ हट जाता। अगर मैं हट जाता हूं, तो यह अंपायर की जिम्मेदारी होगी।
अश्विन ने कहा, मैच के बीच में उस्मान तारिक पर पडऩे वाले दबाव की कल्पना कीजिए। यह एक अविश्वसनीय रोमांचक अनुभव होगा। वह उनकी टीम का तुरुप का इक्का है। जरा सोचिए अगर बल्लेबाज इस तरह की प्रतिक्रिया करता है तो वह क्या कर सकता है।

हाल की खबरें
Copyright © 2026 PRAJABARTA. All rights reserved.