नई दिल्ली : भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर को उम्मीद है कि रविवार को कोलंबो में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले टी20 विश्व कप मैच में भारतीय टीम तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह की जगह लेग स्पिनर कुलदीप यादव को अंतिम एकादश में शामिल करेगी। नामीबिया के बल्लेबाजों ने गुरुवार को अर्शदीप की जमकर धुनाई की और उन्होंने अपने कोटे के चार ओवर भी पूरे नहीं किए। गावस्कर ने स्टार स्पोर्ट्स के एक कार्यक्रम में कहा, हमारे सभी गेंदबाजों ने विकेट लिए। अर्शदीप ने अपने चार ओवर पूरे नहीं किए, जबकि शिवम दुबे ने दो ओवर और हार्दिक ने अपना कोटा पूरा किया।
इससे संकेत मिलता है कि कुलदीप यादव पाकिस्तान के खिलाफ मैच में अर्शदीप की जगह ले सकते हैं। उन्होंने कहा, श्रीलंका की पिचें स्पिनरों के लिए मददगार हैं और भारत का तीन स्पिनरों के साथ खेलने का इतिहास रहा है। मुझे उम्मीद है कि कोलंबो में पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मैच में कुलदीप को अंतिम एकादश में शामिल किया जाएगा।