93.27 करोड़ रुपये की आएगी लागत
भुवनेश्वर, (निप्र) : मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने गुरुवार को नई दिल्ली में नए ओडिशा भवन के निर्माण के लिए शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि नया भवन ओडिशा की समृद्ध विरासत, कला और संस्कृति को प्रदर्शित करेगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्तमान भवन पुराना हो चुका है तथा उसमें पर्याप्त स्थान और आधुनिक सुविधाओं का अभाव है। नया भवन तीन बेसमेंट, भूतल और छह मंजिलों का होगा, जिसमें 45 पूर्णत: सुसज्जित सुइट्स होंगे। पहली मंजिल पर प्रदर्शनी क्षेत्र तथा दूसरी मंजिल पर 70 सीटों वाला सम्मेलन कक्ष बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि परियोजना की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और शीघ्र ही निर्माण कार्य शुरू होगा। इस परियोजना की अनुमानित लागत 93.27 करोड़ रुपये है।
राज्य सरकार प्रमुख शहरों में ओडिशा भवनों के माध्यम से प्रशासनिक समन्वय और सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने की योजना बना रही है। नई दिल्ली के अलावा अयोध्या, बेंगलुरु और सूरत में भी भवन स्थापित करने की योजना है। इन परियोजनाओं के लिए संबंधित राज्यों से भूमि की मांग की जा रही है।
वर्तमान में कोलकाता, चेन्नई और मुंबई में ओडिशा भवन संचालित हो रहे हैं। निवासियों की सुविधा के लिए मुंबई में एक और नए भवन का प्रस्ताव है। सभी भवनों और सदनों के रखरखाव के लिए एक विशेष प्रभाग गठित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, भुवनेश्वर के मास्टर कैंटीन चौक के पास एक सार्वजनिक आश्रय भवन का निर्माण किया जाएगा, जहां अन्य जिलों से आवश्यक कार्य हेतु आने वाले लोगों को तीन दिन तक कम लागत पर ठहरने की सुविधा मिलेगी। कार्यक्रम में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम, ओडिशा के लोक निर्माण मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन, बरगढ़ सांसद प्रदीप पुरोहित तथा लोक निर्माण विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार सिंह उपस्थित थे।