बड़बिल, (निप्र) : जेएसडब्ल्यू फाउंडेशन ने मंगलवार को कोइरा में 100 बिस्तरों वाले बहु-विशेषता अस्पताल के निर्माण हेतु भूमि-पूजन समारोह आयोजित किया। यह अस्पताल जेएसडब्ल्यू समूह के अध्यक्ष सज्जन जिंदल और जेएसडब्ल्यू फाउंडेशन की अध्यक्ष संगिता जिंदल की परिकल्पना का एक स्वप्न परियोजना है, जिसका उद्देश्य सुंदरगढ़ और केंदुझर जिलों के दूरस्थ एवं उपेक्षित क्षेत्रों में रहने वाले समुदायों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को सुदृढ़ करना है। यह पहल जेएसडब्ल्यू समूह की सामाजिक विकास शाखा जेएसडब्ल्यू फाउंडेशन द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) कार्यक्रमों के अंतर्गत की जा रही है।
समारोह में जेएसडब्ल्यू स्टील, ओडिशा माइनिंग डिवीजन के बिजनेस हेड प्रसन्न पंडा; जेएसडब्ल्यू फाउंडेशन के ईस्ट जोन हेड प्रशांत बिस्वाल; जेएसडब्ल्यू स्टील, ओडिशा माइनिंग डिवीजन के एचआर हेड चित्तरंजन बाहानिपति सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। इस अवसर पर पंडा ने कहा, यह अस्पताल केवल एक आधारभूत संरचना परियोजना नहीं है, बल्कि हमारे आसपास के समुदायों के स्वास्थ्य, सम्मान और कल्याण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता है। कोइरा, सुंदरगढ़ और केओंझार के लोग लंबे समय से गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाओं के हकदार रहे हैं, और हम इस आवश्यकता को पूरा करने की दिशा में सार्थक कदम उठाने पर गर्व महसूस करते हैं।
हमें विश्वास है कि यह सुविधा आने वाली पीढिय़ों के लिए सकारात्मक और स्थायी प्रभाव डालेगी। 4.5 एकड़ क्षेत्र में फैले इस अस्पताल का निर्माण चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। प्रारंभिक चरण में 100 बिस्तरों की सुविधा के साथ विभिन्न विभाग स्थापित किए जाएंगे, ताकि क्षेत्र के लोगों को गुणवत्तापूर्ण और सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। कोइरा के खनन क्षेत्रों में रहने वाले ग्रामीणों के लिए आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता लंबे समय से सीमित रही है। यह नया अस्पताल इस कमी को दूर करते हुए स्थानीय स्तर पर पहले से अनुपलब्ध सेवाएं और आधारभूत संरचना उपलब्ध कराएगा।