पर्यटकों की सुविधा के लिए सी बीच के दो प्रमुख स्थलों पर लगाए गए सेल्फ-सर्विस लॉक
पुरी, (निप्र) : पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा बढ़ाने की दिशा में एक अनूठी पहल करते हुए पुरी नगर निगम ने शहर के पर्यटन क्षेत्र में पहली बार डिजिटल बैगेज लॉकर सिस्टम शुरू किया है। इस पायलट प्रोजेक्ट के तहत समुद्र तट के दो प्रमुख स्थानों पर स्मार्ट, सेल्फ-सर्विस लॉकर लगाए गए हैं - एक विक्टोरिया होटल के सामने पुरी सी बीच पर और दूसरा दिगाबरेनी खुंटी चौक के पास। यह सुविधा भारत में डिजिटल शॉर्ट-टर्म लॉकर समाधान देने वाली अग्रणी कंपनी टुकिट के सहयोग से विकसित की गई है। इस यूजर-फ्रेंडली सिस्टम से पर्यटक अपने सामान - बैग, हेलमेट या अन्य वस्तुएं -सुरक्षित रूप से लॉकर में रख सकते हैं और बिना भारी सामान ढोए समुद्र तट, मंदिर दर्शन या स्थानीय भ्रमण का आनंद ले सकते हैं।
लॉकर कैसे करें इस्तेमाल
लॉकर टर्मिनल पर दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन करें
मोबाइल लोकेशन परमिशन दें
आवश्यक विवरण भरें
चुनी गई अवधि के लिए ऑनलाइन भुगतान करें
कुल 27 लॉकर अलग-अलग आकारों में हैं उपलब्ध
यहां कुल 27 लॉकर अलग-अलग आकारों में उपलब्ध हैं, ताकि छोटे बैग से लेकर बड़े सूटकेस तक रखे जा सकें। शुल्क प्रति घंटे के हिसाब से तय है। बड़े लॉकर : 118 रुपये प्रति घंटा, छोटे/मध्यम लॉकर :18.88 से 69.62 रुपये प्रति घंटा (आकार के अनुसार)। भुगतान पूरी तरह डिजिटल है, जिससे कैशलेस और आसान अनुभव मिलता है। यह पहल जगन्नाथ मंदिर, पुरी के दर्शन, समुद्र स्नान या पुरी बीच पर घूमने आए पर्यटकों की उस पुरानी चिंता को दूर करती है, जिसमें वे अपने सामान की सुरक्षा को लेकर परेशान रहते थे। प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सुरक्षित और सुविधाजनक स्टोरेज उपलब्ध कराकर पुरी नगर निगम का उद्देश्य पर्यटकों का अनुभव बेहतर बनाना, बिना झंझट वाला पर्यटन बढ़ावा देना और तटीय विरासत शहर में पर्यटकों की आवाजाही (फुटफॉल) बढ़ाना है।