कटक, (निप्र) : भारत मसाला परिवार की ओर से रामदासपुर खेल मैदान में एक मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। इसमें भारत मसाला कंपनी के कर्मचारियों ने कुल चार टीमों कूल चैलेंजर, स्ट्रॉन्ग स्ट्राइकर, गोल्डेन वॉरियर और तीखा टाइटंस में विभाजित होकर भाग लिया।
प्रत्येक टीम ने 6-6 ओवर के मैच खेले। फाइनल मुकाबले में अरुण नायक के नेतृत्व में स्ट्रॉन्ग स्ट्राइकर टीम ने गोल्डेन वॉरियर को पराजित कर विजेता ट्रॉफी हासिल की। कार्यक्रम की शुरुआत में प्रबंध निदेशक सुशांत कुमार पंडा ने इसका उद्ïघाटन करते हुए कहा कि भारत मसाला कंपनी में कार्यरत प्रत्येक व्यक्ति में अपने नियमित कार्य के अलावा भी अनेक प्रतिभाएं मौजूद हैं।
इन प्रतिभाओं के विकास के लिए कंपनी की ओर से खेलकूद जैसी गतिविधियों की आवश्यकता है। उन्होंने कर्मचारियों को केवल कार्यक्षेत्र तक सीमित न रहकर अपनी प्रतिभा और स्वास्थ्य के प्रति भी सजग रहने की सलाह दी। विजेता एवं उपविजेता दोनों टीमों को भारत मसाला के अध्यक्ष सुरेंद्र नाथ पंडा ने पुरस्कार प्रदान किया। इस अवसर पर रामदासपुर गांव के अध्यक्ष कल्याण सिंह और सचिव निरंजन भोई सहित अन्य अतिथि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।