मुंबई : हिन्दुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) द्वारा अपने अधिकारियों के लिए विशेष लाइव फायर प्रशिक्षण के माध्यम से आपातकालीन प्रतिक्रिया सक्षमताओं को सुदृढ़ करने हेतु अग्नि, सुरक्षा और आपदा प्रबंधन संस्थान (आईएफएसडीएमएस) के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।
इस समझौते में धर्मेंद्र कुमार शर्मा, कार्यकारी निदेशक- स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं पर्यावरण (एचएसई), एचपीसीएलतथा धर्मेंद्र वखारीकर, मुख्य समन्वयक, (आईएफएसडीएमएस) द्वारा विक्रम माहुरकर, अध्यक्ष, आईएफएसडीएमएसएवं प्रबंध निदेशक, चेकमेट समूह की उपस्थिति में हस्ताक्षर किए गए।
महारत्न सीपीएसई और भारत के ऊर्जा क्षेत्र के एक प्रमुख संगठन के रूप में एचपीसीएल देशभर में रिफाइनरियों, डिपो, टर्मिनलों तथा 21,000 से अधिक रिटेल आउटलेट का व्यापक नेटवर्क संचालित करता है। आईएफएसडीएमएसके साथ यह साझेदारी अधिकारियों की व्यावहारिक तत्परता को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से की गई है। इसके अंतर्गत कक्षा आधारित प्रशिक्षण के साथ-साथ यथार्थपरक लाइव-फायर सिमुलेशन को भी शामिल किया जाएगा, जिससे अधिकारी उच्च-जोखिम वाले औद्योगिक परिदृश्यों में अधिक प्रभावी ढंग से प्रतिक्रिया देने में सक्षम हो सकें।
आईएफएसडीएमएस वडोदरा के निकट स्थित लगभग 75 एकड़ क्षेत्र में फैली एक विशेष प्रशिक्षण सुविधा है। यहां प्रक्रिया इकाई और एलपीजी सुविधाओं जैसे औद्योगिक मॉक-अप का उपयोग करते हुए उन्नत अग्नि एवं आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है। इस केंद्र में औद्योगिक परिचालन के दौरान उत्पन्न होने वाली आपातकालीन परिस्थितियों की वास्तविकता को दर्शाने के उद्देश्य से यथार्थपरक लाइव-फायर अभ्यास भी आयोजित किए जाते हैं। इस समझौते के माध्यम से अपने कार्यबल में सुरक्षा संस्कृति, परिचालन तत्परता और प्रतिक्रिया सक्षमता को और सुदृढ़ करना एचपीसीएल का लक्ष्य है।