31 महिला रेल कर्मचारी सम्मानित
भुवनेश्वर, (निप्र) : पूर्वतट रेलवे ने पूर्वतट रेलवे महिला कल्याण संगठन (ईकोरडब्ल्यूडब्ल्यूओ) के सहयोग से यहां के रेलवे ऑडिटोरियम में उत्साह और गरिमा के साथ अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस 2026 मनाया। इस अवसर पर रेलवे के विभिन्न विभागों में कार्यरत महिला कर्मचारियों के अमूल्य योगदान को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ईकोरडब्ल्यूडब्ल्यूओ की अध्यक्ष कविता फुंकवाल ने महिला रेल कर्मचारियों को अपनी अंतर्निहित शक्तिऔर क्षमताओं को पहचानने, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के साथ कार्य करने तथा संगठन की प्रगति और विकास में सार्थक योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि महिलाएं अपनी समर्पण भावना और उपलब्धियों के माध्यम से दूसरों को भी प्रेरित करती रहें। इस अवसर पर ओडिशा सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग की खोरधा जिला बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष कांता मोहंती मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान कुल 31 महिला रेल कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन और पेशेवर दक्षता के लिए 15 महिला कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
वहीं समारोह के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लेने और सफलता प्राप्त करने वाली 16 महिला कर्मचारियों को पुरस्कृत किया गया। यह समारोह जोन के सभी मंडल मुख्यालयों में भी मनाया गया। कार्यक्रम के समन्वयक और मुख्य कार्मिक अधिकारी (औद्योगिक संबंध) अंजन राय ने महिला कर्मचारियों को उनकी ईमानदार प्रतिबद्धता और रेलवे के प्रति बहुमूल्य योगदान के लिए बधाई दी। कार्यक्रम का समापन महिला रेल कर्मचारियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ हुआ, जिसने रेलवे में महिला ओं की शक्ति, उपलब्धियों और योगदान के उत्सव को और भी प्रेरणादायक बना दिया।