पारादीप, (निप्र) : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पारादीप स्थित इफ्को के नए सल्फ्यूरिक एसिड प्लांट का उद्ïघाटन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि यह परियोजना देश को उर्वरक उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है और इससे किसानों की जरूरतों को पूरा करने में बड़ी मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री माझी ने कहा कि नए प्लांट के शुरू होने से प्रतिदिन लगभग दो हजार टन सल्फ्यूरिक एसिड का उत्पादन होगा।
इससे देश में हर वर्ष होने वाले लगभग छह लाख मीट्रिक टन सल्फ्यूरिक एसिड के आयात में कमी आएगी और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को मजबूती मिलेगी। उन्होंने इफ्को को देश की प्रमुख सहकारी संस्थाओं में से एक बताते हुए कहा कि यूरिया और पोटाश आधारित उर्वरकों के उत्पादन में इसका महत्वपूर्ण योगदान है। पारादीप यूनिट उर्वरक उत्पादन के क्षेत्र में एक प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित हो चुकी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पारादीप तेजी से ओडिशा के एक बड़े औद्योगिक केंद्र के रूप में उभर रहा है।
यहां बंदरगाह, पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स, उर्वरक उद्योग और अन्य औद्योगिक गतिविधियों का तेजी से विकास हो रहा है। आने वाले समय में यहां टेक्सटाइल पार्क सहित कई नई औद्योगिक परियोजनाएं स्थापित की जाएंगी। उन्होंने यह भी कहा कि पारादीप से कटक, भुवनेश्वर होते हुए पुरी तक एक बड़े आर्थिक क्षेत्र के विकास की योजना बनाई जा रही है, जिससे राज्य की आर्थिक प्रगति को नई गति मिलेगी और यह क्षेत्र पूर्वी भारत के महत्वपूर्ण औद्योगिक हब के रूप में विकसित होगा।