प्लांट के संचालन में 550 से अधिक महिला कर्मचारी प्रत्यक्ष रूप से हैं कार्यरत
झारसुगुड़ा, (निप्र) : झारसुगुड़ा स्थित वेदांता एल्युमिनियम के मेगा एल्युमिनियम प्लांट में महिला प्रोफेशनल्स अब गुणवत्ता प्रबंधन और तकनीकी संचालन में अहम भूमिका निभा रही हैं। प्लांट की क्वालिटी लैब्स में महिला इंजीनियर और टेक्नीशियन कड़े परीक्षण प्रक्रियाओं की निगरानी कर उत्पादन की विश्वसनीयता और एकरूपता सुनिश्चित कर रही हैं। लैब्स में कच्चे माल की जांच, इलेक्ट्रोलाइटिक स्थितियों की निगरानी और तैयार एल्युमिनियम की गुणवत्ता का परीक्षण किया जाता है, ताकि उत्पाद निर्धारित मानकों के अनुरूप हो।
इन प्रक्रियाओं से पूरे प्लांट में स्थिर और उच्च शुद्धता वाले एल्युमिनियम के उत्पादन को मजबूती मिलती है। वर्तमान में प्लांट के संचालन में 550 से अधिक महिला कर्मचारी प्रत्यक्ष रूप से कार्यरत हैं, जो कंपनी में बढ़ती लैंगिक विविधता और तकनीकी समावेशन को दर्शाता है। क्वालिटी लैब्स में टीमें रिडक्शन प्रोसेस की टेस्टिंग करती हैं, जिससे यह सुनिश्चित किया जाता है कि स्मेल्टिंग पॉट की स्थितियां सही बनी रहें और एल्युमिना लगातार उच्च शुद्धता वाले एल्युमिनियम में परिवर्तित हो। इसके साथ ही कच्चे माल और तैयार उत्पाद की रासायनिक व भौतिक गुणवत्ता की भी जांच की जाती है, जिससे उत्पादन प्रक्रिया की सुरक्षा और दक्षता बनी रहती है।
वेदांता एल्युमिनियम अपने कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए लगातार कदम उठा रहा है और वर्ष 2030 तक कुल कार्यबल में 30 प्रतिशत महिलाओं की भागीदारी का लक्ष्य रखा गया है। पिछले एक वर्ष में कंपनी ने भारत की पहली ऑल-विमेन पॉटलाइन, ऑल-विमेन लोकोमोटिव टीम और ऑल-विमेन पावर प्लांट यूनिट की शुरुआत की है। कंपनी के ‘श्री शक्ति’ पहल के तहत झारसुगुड़ा संयंत्र ओडिशा की पहली मैन्युफैक्चरिंग साइट बन गया है, जहां महिला कर्मचारियों को नाइट शिक्रट में भी तैनात किया गया है।
इससे उनके कौशल विकास और करियर के नए अवसर खुल रहे हैं। वेदांता झारसुगुड़ा के सीओओ सी. चंद्रू ने कहा कि कंपनी का मानना है कि समावेशी कार्यस्थल नवाचार और उत्कृष्ट प्रदर्शन को बढ़ावा देता है। उन्होंने कहा कि महिला प्रोफेशनल्स की बढ़ती भागीदारी न केवल संचालन को मजबूत बना रही है, बल्कि नई पीढ़ी को भी मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में आगे आने के लिए प्रेरित कर रही है। कंपनी के अनुसार, आज महिलाएं एल्युमिनियम उत्पादन से जुड़े विभिन्न तकनीकी और संचालन क्षेत्रों में अपनी विशेषज्ञता और नेतृत्व क्षमता से उद्योग में नए मानक स्थापित कर रही हैं।